अंबेडकर पुल हादसा: तीन दोस्तों में से एक की मौत, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा

आगरा। शहर के अंबेडकर ब्रिज पर गुरुवार देर रात नीचे गिरने से घायल हुए तीन युवकों में से एक की मौत हो गई है। जीवनी मंडी की चंदा पान वाली गली के रहने वाले तीन दोस्त पुल से नीचे गिरने पर गंभीर घायल हुए थे। इनमें से 22 वर्षीय राज को एसएन की इमरजेंसी में मृत घोषित कर दिया गया। उसका दोस्त साहिल गंभीर रूप से घायल है। तीसरे युवक रोहित को मामूली चोटें आई हैं।

Jun 20, 2025 - 18:10
 0
अंबेडकर पुल हादसा: तीन दोस्तों में से एक की मौत, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा
अंबेडकर पुल से युवकों के गिरने के समय का चित्र।

-जन्मदिन की खुशी मातम में बदली, मृतक का भाई बोला- बाइक फिसलने से नीचे गिरे थे तीनों

प्रारंभिक सूचनाओं में यह बताया गया था कि ये तीनों दोस्त अंबेडकर पुल से लड्डू गोपाल की प्रतिमा के साथ सेल्फी ले रहे थे और नीचे आ गिरे, लेकिन अब मृतक राजू के भाई प्रिंस ने बताया कि ब्रिज के घुमाव पर बाइक फिसलने की वजह से तीनों नीचे गिरे थे। 

बर्थडे पार्टी के बाद लौटते वक्त हुआ हादसा

मृतक के परिजनों के अनुसार, राज अपने दोस्तों साहिल और रोहित के साथ कछपुरा में स्थित दूसरे मकान पर गया था। साहिल का जन्मदिन था, इसलिए दोस्तों ने मिलकर वहां बर्थडे पार्टी की थी। राज का छोटा भाई प्रिंस भी उनके साथ एक्टिवा से गया था।

अंबेडकर ब्रिज के घुमाव पर फिसली बाइक

घटना रात करीब 11:30 बजे की है। प्रिंस ने बताया कि राज बाइक चला रहा था और छत्ता की ओर उतरते समय अंबेडकर पुल के तीखे घुमाव पर बाइक असंतुलित हो गई। तेज रफ्तार के चलते तीनों युवक उछलकर पुल से नीचे जा गिरे। प्रिंस उनके पीछे ही एक्टिवा से आ रहा था और हादसे को अपनी आंखों से देखा।

एसएन इमरजेंसी ले जाने पर ही मृत घोषित

राज का घर घटनास्थल से महज एक किलोमीटर की दूरी पर था। हादसे के तुरंत बाद प्रिंस और वहां मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सामने ही स्थित एसीपी ऑफिस से तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीनों घायलों को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राज को मृत घोषित कर दिया।

साहिल की हालत गंभीर, रोहित को मामूली चोट

मेडिकल कॉलेज में साहिल को गंभीर चोटों के कारण निगरानी में रखा गया है। वहीं तीसरे दोस्त रोहित को हल्की चोटें आई हैं। राज की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। माता-पिता और भाई-बहन रो-रोकर बेसुध हो गए हैं।

कॉलेज छात्र था राज, छुट्टी में कर रहा था काम

परिजनों ने बताया कि राज आगरा कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रहा था और छुट्टियों के दौरान एक दुकान पर काम कर रहा था। वह मेहनती और पढ़ाई में होशियार था। परिवार उसे लेकर बड़े सपने देख रहा था, लेकिन एक चूक ने सब कुछ छीन लिया।

SP_Singh AURGURU Editor