तरुण भारत संघ के स्वर्ण जयंती समारोह में आगरा के अनिल शर्मा को 'नदी प्रहरी' सम्मान
आगरा। जल संरक्षण और नदी पुनर्जीवन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य के लिए सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के सचिव अनिल शर्मा को तरुण भारत संघ के स्वर्ण जयंती समारोह में ‘नदी प्रहरी’ सम्मान से नवाज़ा गया। उन्हें यह सम्मान जल पुरुष डॉ. राजेन्द्र सिंह द्वारा 30 मई को भीकमपुरा, अलवर (राजस्थान) में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
-चंबल व यमुना क्षेत्र में जल पुनर्जीवन के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
उटंगन, खारी और यमुना को पुनर्जीवित प्रयासों में अहम भूमिका
यह सम्मान आगरा क्षेत्र में उटंगन और खारी जैसी छोटी नदियों, यमुना के बहाव क्षेत्र और चंबल क्षेत्र को जल समृद्ध बनाने की दिशा में सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है।
रेहावली में डबल गेट संरचना का प्रस्ताव
सिविल सोसाइटी ऒफ आगरा जल प्रबंधन के लिए काम कर रही है। रेहावली क्षेत्र में एक डबल गेट प्रणाली की योजना बनाई जा रही है, जहां उटंगन नदी यमुना से मिलती है। मानसून के दौरान यमुना की धारा उलटी होकर उटंगन में 17 किलोमीटर तक बहती है, लेकिन यह बहुमूल्य जल मानसून के बाद व्यर्थ बह जाता है। इस जल संचयन के प्रयास को जल पुरुष डॉ. राजेन्द्र सिंह ने सार्थक पहल बताया है।
देशभर से 110 जल योद्धाओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों से आए 110 जल कार्यकर्ताओं को जल संरक्षण, नदी पुनर्जीवन, जल निकाय निर्माण और सामुदायिक जागरूकता के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर "तरुण भारत संघ के पचास वर्ष" पुस्तक का विमोचन भी हुआ, जिसमें संस्था की पाँच दशकों की यात्रा का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया।
यह सम्मान पूरे आगरा का है: अनिल शर्मा
सम्मान ग्रहण करते हुए अनिल शर्मा ने कहा, यह सिर्फ मेरा नहीं, आगरा में जल संरक्षण के लिए कार्य करने वाले हर व्यक्ति का सम्मान है। हम तरुण भारत संघ और डॉ. राजेन्द्र सिंह जैसे जल योद्धाओं के अनुभव से सीख लेकर यमुना क्षेत्र में स्थायी समाधान ढूंढने का प्रयास करेंगे।