साईं की तकिया चौराहे पर दबंग ने चौथ के लिए ऑटो चालक को बेल्ट से पीटा

आगरा। शहर के बीचोंबीच स्थित व्यस्ततम साईं की तकिया चौराहे पर दिनदहाड़े खुलेआम गुंडई हुई। इलाके के एक कथित दादा ने एक ऑटो चालक को बेल्ट से बेरहमी से पीटा।

Apr 18, 2025 - 11:37
 0
साईं की तकिया चौराहे पर दबंग ने चौथ के लिए ऑटो चालक को बेल्ट से पीटा

घटना थाना रकाबगंज क्षेत्र की है, जहां चौथ वसूली के विरोध में दबंग ने ऑटो चालक को बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित का नाम राजू है, जबकि मारपीट करने वाला व्यक्ति उस्मान बताया गया है।

राजू के अनुसार, उस्मान इलाके में ऑटो चालकों से रोज़ाना 20 रुपये की चौथ वसूलता है। जब राजू ने इसका विरोध किया, तो गुस्से में आकर उस्मान ने उसे बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। घटना के समय आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया। राजू को काफी चोटें आई हैं और उसके शरीर पर चोट के निशान देखे जा सकते हैं। 

यह पूरी घटना साईं की तकिया जैसे व्यस्त चौराहे पर हुई, जो यह दर्शाता है कि दबंगों के हौसले कितने बुलंद हैं और पुलिस का डर किस हद तक खत्म हो चुका है। इस मामले ने आगरा पुलिस की लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगता है कि गुंडई करने वालों को पुलिस का कतई खौफ नहीं है।