आगरा में हरियाली पर वार: मेट्रो अफसरों पर भड़के सांसद नवीन जैन, बोले– पेड़ काटने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई
आगरा। आगरा में पर्यावरण संरक्षण की तमाम कोशिशों को उस वक्त गहरी चोट पहुंची जब मेट्रो परियोजना के नाम पर दर्जनों परिपक्व वृक्षों पर कुल्हाड़ी चला दी गई। इस पर राज्यसभा सांसद एवं पूर्व महापौर नवीन जैन ने तीखा विरोध जताते हुए मंडलायुक्त को पत्र लिखकर दोषी अधिकारियों पर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
नवीन जैन ने अपने पत्र में कहा है कि उनके महापौर कार्यकाल के दौरान नगर निगम व समाजसेवियों के सहयोग से आगरा शहर को हराभरा बनाने के लिए एम.जी. रोड, माल रोड, फतेहाबाद रोड समेत कई क्षेत्रों में हजारों पेड़ लगाए गए थे। ये पौधे अब छायादार वृक्ष बन चुके थे, जो शहर की पहचान और पर्यावरण संतुलन का आधार थे। लेकिन अफसोस की बात है कि मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की आड़ में इन्हें बेरहमी से काट दिया गया।
कानून और पर्यावरण की खुलेआम अवहेलना
सांसद ने आरोप लगाया है कि ये वृक्ष बिना सुप्रीम कोर्ट और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की पूर्व अनुमति के काटे गए, जो सीधे-सीधे कानूनी उल्लंघन और पर्यावरणीय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने लिखा, यह न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि अदालत के आदेशों की सीधी अवमानना है।
जिम्मेदारों को मिले सख्त सज़ा
सांसद ने मंडलायुक्त आगरा को भेजे पत्र में मांग की है कि मेट्रो से जुड़े उन सभी अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो, जिन्होंने हरित विरासत से खिलवाड़ किया। साथ ही इस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक रूप से उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी हरकतें फिर न दोहराई जाएं।
कई अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए पत्र की प्रति जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और जिला वन अधिकारी को भी भेजी गई है, जिससे सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
Top of Form
Bottom of Form