विदेश में पढ़ रही डॉक्टर की बेटी को ब्लैकमेल करने की कोशिश, डॉक्टर ने तोड़ी चुप्पी, दर्ज कराई रिपोर्ट

  आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर की बेटी, जो विदेश में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही है, को अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटी के नाम पर एक बार फिर फिरौती की मांग की गई, लेकिन इस बार परिवार ने चुप्पी तोड़ते हुए थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

Jun 17, 2025 - 17:48
 0
विदेश में पढ़ रही डॉक्टर की बेटी को ब्लैकमेल करने की कोशिश, डॉक्टर ने तोड़ी चुप्पी, दर्ज कराई रिपोर्ट
प्रतीकात्मक इमेज।

– दो साल से मानसिक उत्पीड़न झेल रहा था परिवार, अब आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पहले भी दी गई थी धमकी, पर डॉक्टर रहे खामोश

चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि ब्लैकमेलर द्वारा इसी नंबर से दो साल पहले भी धमकियां दी गई थीं, लेकिन उस समय उन्होंने समाज में बदनामी के डर से चुप्पी साध ली थी। 13 मई को जब दोबारा उनके मोबाइल पर धमकी भरा कॉल आया, तो अब उन्होंने कार्रवाई का निर्णय लिया।

फोन पर अश्लील वीडियो और पैसे की मांग

चिकित्सक की पत्नी के पास बेटी का भारतीय नंबर वाला मोबाइल रहता है। 13 मई को इसी नंबर पर आरोपी ने कॉल कर बताया कि उसके पास उनकी बेटी के अश्लील वीडियो और फोटो हैं। अगर वह इन्हें वायरल होने से बचाना चाहते हैं तो उन्हें पैसे देने होंगे। इसके साथ ही आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज और धमकी भी दी, जिससे महिला घबरा गईं और फोन बंद कर दिया।

पुलिस की तकनीकी टीम जुटी जांच में

एत्मादुद्दौला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और साइबर एक्सपर्ट की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल्स और लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

डॉक्टर बोले- अब और नहीं झुकेंगे

चिकित्सक ने कहा कि हमने पहले चुप रहकर गलती की, लेकिन अब किसी अपराधी के डर से हमारी बेटी का भविष्य नहीं बिगड़ने देंगे। पुलिस से हमें पूरा सहयोग मिल रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor