जिम में गला दबाकर मारने की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र स्थित अलकापुरी के डायमंड जिम में शुक्रवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक युवक ने जिम कर्मचारी रोहन पर जानलेवा हमला करते हुए उसका गला दबा दिया। ये पूरी घटना जिम के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

Jun 7, 2025 - 17:00
 0
जिम में गला दबाकर मारने की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सीसीटीवी की वे फुटेज जिसमें एक युवक जिम कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर रहा है।  

युवती के साथ पहुंचा था हमलावर, सवाल टोकने पर भड़क गया

पीड़ित रोहन के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे जब वह जिम खोलने पहुंचा, तब बाहर एक युवक और युवती संदिग्ध हालात में खड़े थे। रोहन ने जब दोनों से सवाल किया तो युवती वहां से चली गई, लेकिन युवक ने रोहन से बहस शुरू कर दी।

कॉल करने से पहले छीना मोबाइल, फिर किया हमला

जैसे ही रोहन ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया और अचानक हमला कर दिया। उसने रोहन को जमीन पर गिराया और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। कुछ देर तक वह होश खो बैठा और सांस लेने में तकलीफ हुई। आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर भाग गया।

पुलिस को मिला सीसीटीवी फुटेज, एफआईआर दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज सौंपते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के अनुसार, हमलावर की पहचान की जा रही है, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

इलाके में दहशत, जिम प्रबंधन ने उठाई सुरक्षा की मांग

जिम में दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। जिम प्रबंधन ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों में भी इस तरह के खुले हमलों को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor