पिनाहट बाजार में भाई-बहन पर दबंगों का हमला, हमलावर महिला के पति का फूफा
पिनाहट (आगरा)। कस्बा बाजार में सामान खरीदने आई एक महिला और उसके भाई पर कुछ दबंगों ने अचानक हमला कर दिया।मारपीट की इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता रूबी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई संदीप के साथ बाजार में खरीदारी करने आई थी। तभी उसके पति मनोज के फूफा जसवंत (निवासी बिजलीघर) और उसके चार साथियों ने उन्हें घेर लिया और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। जब रूबी के भाई ने विरोध किया तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके कान से खून निकलने लगा। रूबी का कहना है कि उसके साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ पिनाहट थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।