सीएम कल दो घंटे आगरा में रहेंगे, भीमनगरी क्षेत्र में रहेगी कड़ी सुरक्षा
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भीमनगरी आयोजन में 15 अप्रैल को आना तय हो गया है। वह भीमनगरी के मंच पर करीब दो घंटे तक मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय से सीएम योगी का अधिकृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल शाम 6.30 बजे आगरा खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से वह सीधे आवास विकास कालोनी में सजाई गई भीमनगरी के मंच पर रात सात बजे पहुंच जाएंगे। वह मंच पर आयोजित कार्यक्रमों के बाद लोगों को संबोधित करेंगे।
सीएम योगी रात्रि आठ बजे भीमनगरी से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे और रात 8.25 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंच और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा किया जा रहा है। कल चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। क्षेत्र में वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा।
इधर भीमनगरी के पूरे क्षेत्र को नीले झंडों से पाट दिया गया है। साथ ही पूरा क्षेत्र नीली रोशनी से जगमग होगा। यह पहली बार होगा, जब भीमनगरी का पूरा क्षेत्र नीले रंग से पाटा गया है।