जुलाई 2026 तक पूरा हो सिविल एन्क्लेव: सलाहकार समिति की बैठक में निर्देश

आगरा। आगरा-जगनेर रोड पर धनौली में बन रहे नए सिविल एन्क्लेव को लेकर बुधवार को हुई एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने जुलाई 2026 तक निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एन्क्लेव के शुरू होने से आगरा की हवाई कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा।

Jun 18, 2025 - 21:10
 0
जुलाई 2026 तक पूरा हो सिविल एन्क्लेव: सलाहकार समिति की बैठक में निर्देश
एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक के बाद निर्माणाधीन सिविल एन्क्लेव का निरीक्षण करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।  

केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल बोले- तय समय में पूरा हो निर्माण कार्य, बैठक के बाद निरीक्षण भी किया

बैठक में बताया गया कि फाउंडेशन का कार्य पूरा हो चुका है और अब टर्मिनल का स्ट्रक्चर खड़ा करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

धनौली को नगर निगम सीमा में लाने का प्रस्ताव पारित

बैठक में समिति सदस्यों द्वारा धनौली गांव को आगरा नगर निगम सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया गया ताकि भविष्य में एयरपोर्ट क्षेत्र को नगरीय नागरिक सुविधाएं मिल सकें। वहीं, अजीतनगर गेट स्थित वेटिंग लाउंज का नामकरण शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के नाम पर करने का प्रस्ताव भी पास किया गया।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के लिए नई फ्लाइट्स की मांग

सदस्यों ने शंख एयरलाइंस के माध्यम से गुवाहाटी, शिलांग, कोलकाता, जम्मू, सूरत और चेन्नई जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानों की शुरुआत की मांग की। यह सुझाव पर्यटन, व्यापार और तीर्थ यात्राओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया।

एप्रोच रोड और नाला निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश

केंद्रीय मंत्री ने धनौली रोड की एप्रोच रोड और उसके साथ चल रहे नाले के निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए, ताकि बारिश का पानी टर्मिनल क्षेत्र में प्रवेश न करे। साथ ही सीएसआर फंड के अंतर्गत वेटिंग लाउंज से टर्मिनल तक गोल्फ कार्ट की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया।

निर्माण स्थल का किया निरीक्षण, सामने आई टर्मिनल की तस्वीर

बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निदेशक योगेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि प्रस्तावित टर्मिनल में 1400 यात्रियों की क्षमता वाला वातानुकूलित भवन बनेगा। दो मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था होगी। 19 चेक-इन काउंटर, 9 विमानों की पार्किंग क्षमता वाला एप्रन होगा। 500 किलोवाट का सोलर पावर प्लांट के साथ ही  33 चार्जिंग प्वाइंट्स यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार किए जाएंगे।

SP_Singh AURGURU Editor