मॉर्निंग वॉक पर निकला कोल्ड स्टोरेज संचालक दो सप्ताह से लापता, पुलिस ने गठित की खोजी टीमें

आगरा। शमसाबाद कस्बे में स्थित गोपालपुरा मोहल्ला निवासी और कोल्ड स्टोरेज संचालक मनोज शर्मा उर्फ मोनू (37) की रहस्यमयी गुमशुदगी ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वह पिछले दो सप्ताह से लापता हैं, लेकिन अब तक उनका कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। परिजन लगातार तलाश में जुटे हैं, जबकि पुलिस ने टीमें बनाकर खोजबीन तेज कर दी है।

Jun 20, 2025 - 20:54
 0
मॉर्निंग वॉक पर निकला कोल्ड स्टोरेज संचालक दो सप्ताह से लापता, पुलिस ने गठित की खोजी टीमें

मॉर्निंग वॉक पर निकले और फिर नहीं लौटे

मनोज शर्मा, जो रघुवर दयाल टीकाराम शीतगृह प्राइवेट लिमिटेड (राजाखेड़ा रोड, भनपुरा) के मालिक हैं, 7 जून को तड़के 4 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। परिजन बताते हैं कि वह रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।

सीसीटीवी में अंतिम बार दिखे

परिजनों ने कस्बे और मुख्य मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक कैमरे में वे टहलते हुए दिखाई दिए, लेकिन उसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चल सका। स्थानीय थाने में उनके बड़े भाई पवन शर्मा ने गुमशुदगी दर्ज कराई है।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

मनोज शर्मा दो बच्चों के पिता हैं। उनकी अचानक और संदिग्ध गुमशुदगी ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजन उन्हें हर संभावित स्थान पर तलाशने का प्रयास कर चुके हैं। इस बीच रिश्तेदार, परिचित और स्थानीय लोग भी उनकी खोज में जुटे हैं। परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो चुका है।

पुलिस जांच में जुटी, अलग-अलग टीमें गठित

थाना शमसाबाद के इंस्पेक्टर हंसराज भदौरिया ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और पुलिस की दो टीमों को सक्रिय रूप से तलाश में लगाया गया है। हर संभावित दिशा में जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और फील्ड इन्वेस्टिगेशन दोनों तरीकों से तलाश में लगी है।

SP_Singh AURGURU Editor