संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में नामित आगरा के तीन साहित्यकारों का अभिनंदन

आगरा। साहित्य, संस्कृति और समाज के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाले तीन प्रतिष्ठित साहित्यकारों को भारत सरकार की संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में नामित किए जाने पर शनिवार को ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन ने एक भव्य समारोह में सम्मानित किया। यह आयोजन संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में सम्पन्न हुआ, जिसमें शहर के साहित्यप्रेमी, शिक्षाविद, कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Jun 7, 2025 - 19:24
 0
संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में नामित आगरा के तीन साहित्यकारों का अभिनंदन
संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. राजेंद्र मिलन, श्रुति सिन्हा और हरिओम शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन के पदाधिकारीगण।

इन साहित्यकारों का हुआ सम्मान

सम्मान समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेंद्र मिलन, शिक्षाविद व मंच संचालिका श्रीमती श्रुति सिन्हा तथा लेखक और समाजसेवी हरिओम शर्मा को शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। ये तीनों साहित्यकार अब भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय की संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में कार्य करेंगे।

फाउंडेशन के संस्थापक मनीष अग्रवाल ने कहा कि ब्रज सिर्फ एक क्षेत्र नहीं, अपितु भाव, संस्कृति और साहित्यिक चेतना का संगम है। आज का सम्मान समारोह उस विरासत के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक है। उपाध्यक्ष राहुल जैन ने भी आगरा की पहचान को मुगल स्थापत्य से हटाकर ब्रज की सांस्कृतिक गहराई से जोड़ा।

दूसरा सत्र रहा विमर्शपरक

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में साहित्य की वर्तमान दिशा, युवा लेखकों की भूमिका, ब्रज की लोकभाषा और हिंदी के संरक्षण पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी साहित्य की समकालीन चुनौतियों का समाधान परंपरा और नवाचार के समन्वय में है।

साहित्यिक गरिमा से सजी उपस्थिति

इस अवसर पर आगरा के साहित्य, कला और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियां वत्सला प्रभाकर, अशोक ‘अश्रु’, डॉ. आभा चतुर्वेदी, रचना कपूर, शरद गुप्ता, प्रो. युवराज सिंह, प्रो. महावीर सिंह, अदिति कात्यायन, मीना कुमारी, मोहित सक्सेना, अजय रंगीला, कमलेश चंद जैन, रितु गोयल, शीला बहल, अंजलि स्वरूप, रीता शर्मा आदि उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का संयोजन सीएस अनुज अशोक और विमल गोयल ने किया। संरक्षक डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए इसे साहित्यिक और सांस्कृतिक आत्मगौरव का क्षण बताया।

SP_Singh AURGURU Editor