नींद में ही सुला गया काल: मां बची, लेकिन दो बच्चे छीन ले गया सांप

आगरा। जगनेर थाना क्षेत्र के गांव मठ भवनई में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। विमलेश पत्नी मानपाल गोस्वामी अपने दो मासूम बच्चों, आठ साल के कान्हा और पांच साल के रामू को लेकर घर की छत पर सो रही थीं। करीब 3.30 बजे अचानक कुछ ऐसा हुआ जिसने इस परिवार की दुनिया ही उजाड़ दी।

Jun 18, 2025 - 10:09
Jun 18, 2025 - 11:40
 0
नींद में ही सुला गया काल: मां बची, लेकिन दो बच्चे छीन ले गया सांप
खेरागढ़ के मठ भवनई गांव के वे दोनों मासूम, जिनकी सांप के डंसने से मौत हो गई।  

-छत पर सोती मां और उसके दो मासूम बच्चों को डंसा था सांप ने, मां जाग गई थी तो अस्पताल पहुंचा दी गई

-बच्चों को सोता हुआ मानकर छोड़ गये थे परिजन, लौटे तो देखा कलेजे के टुकड़े नहीं रहे, परिवार में कोहराम

विमलेश को नींद में कुछ अजीब अहसास हुआ। आंख खुली तो एक सांप नजर आया जो उसे डंस चुका था। घबराकर उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें आनन-फानन में पहले झाड़ फूंक करने वालों के पास और फिर बाद में जगनेर सीएचसी और फिर रूपवास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज मिलने पर विमलेश की हालत में सुधार भी हो गया।

लेकिन इसी बीच उनकी सबसे बड़ी पूंजी, दोनों बच्चे छत पर नींद में ही पड़े रहे। परिवार वालों को लगा कि बच्चे सो रहे हैं, जैसे वे रोज देर से उठते हैं। इसी भ्रम में परिजन उन्हें वहीं छोड़ अस्पताल चले गए। यही लापरवाही जानलेवा साबित हुई। जब काफी देर तक बच्चे नहीं जागे तो उन्हें जगाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजन इन बच्चों को लेकर अस्पताल भी पहुंचे, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। 

कन्हा और रामू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का अब रो-रोकर बुरा हाल है। मां विमलेश जो खुद मौत के मुंह से लौटकर आई हैं, अब अपने बच्चों की मौत के बारे मं जानकर बेसुध हो चुकी हैं। पिता मानपाल अपने आंसुओं को रोक नहीं पा रहे। अब ये मां-बाप जीवनभर यही सोचते रहेंगे, काश उन्हें भी साथ ले जाते, काश एक बार झिंझोड़ कर जगा लेते...।

घटना के बाद सपेरों की मदद से सांप को ढूंढ निकाला गया, लेकिन यह राहत नहीं, सिर्फ औपचारिकता रह गई थी। गांव में मातम पसरा हुआ है। हर आंख नम है। मासूमों की यह असमय विदाई पूरे गांव को झकझोर गई है। गांव वाले मानपाल और उसके परिवार को ढाढस बंधा रहे हैं।

बच्चे रोजाना देर तक सोते थे. इसलिए किसी को शक नहीं हुआ. सर्प को लेकर जानकारों ने बताया कि कॉमन क्रेट भारत में बिग फोर सांपों में से एक है, जो सांपों के काटने से होने वाली मौतों की एक बड़ी संख्या के लिए जिम्मेदार है. यह एक बहुत ही जहरीला सांप है, जिसमें एक शक्तिशाली न्यूरोटॉक्सिन होता है.

SP_Singh AURGURU Editor