लायंस क्लब के वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद पर इंजीनियर अजय भार्गव निर्विरोध चुने गये
वृंदावन। लायंस क्लब इंटरनेशनल, मंडल 321C2 की वार्षिक अधिवेशन अनुप्रेरणा का आयोजन बुधवार को वृंदावन में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर इंजीनियर एमजेएफ अजय भार्गव को सेवा वर्ष 2025-26 के लिए वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय (VDG2) के रूप में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
- लायंस क्लब इंटरनेशनल मंडल 321C2 की वार्षिक इंटरनेशनल अधिवेशन 'अनुप्रेरणा' वृंदावन में सम्पन्न
उनके साथ आरएन वर्मा को प्रथम उप मंडलाध्यक्ष और संजीव को मंडल गवर्नर के रूप में घोषित किया गया।
यह घोषणा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बीके गुप्ता द्वारा की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता मंडलाध्यक्ष डॉ. स्वाति माथुर ने की, जबकि आयोजन में प्रमुख मार्गदर्शन मंडल मार्गदर्शक सरन प्रसाद माथुर ने प्रदान किया।
आगरा निवासी इंजीनियर अजय भार्गव को यह गौरव उनकी 24 वर्षों की निःस्वार्थ सेवा, संगठन के प्रति समर्पण एवं प्रेरणादायक नेतृत्व के कारण सर्वसम्मति से प्राप्त हुआ। उनका कार्यकाल 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबीता सिंह चौहान ने लायंस संस्था की सामाजिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा, “लायंस क्लब का समाजसेवा में योगदान अनुकरणीय है, जो हर वर्ग के लिए प्रेरणास्पद है।”
विशिष्ट अतिथि लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय निदेशक जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि नेत्र शिविरों से लेकर पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों के लिए एम्बुलेंस सेवा तक, लायंस क्लब हर क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहा है।
निर्विरोध निर्वाचन के बाद इंजीनियर अजय भार्गव ने सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह आगरा के दयालबाग क्षेत्र के निवासी हैं। विगत 25 वर्षों से शिक्षा एवं समाज सेवा के प्रति समर्पित हैं। इसके साथ ही वह कारोबार भी संभालते हैं। लायंस क्लब के प्रति समर्पित भाव ही उन्हें यहां तक लेकर आया है।
सम्मेलन में आगरा, अलीगढ़, मथुरा, वृंदावन, इटावा, मैनपुरी, बरेली, एटा, बुलंदशहर सहित मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।