विद्यार्थी जीवन में मोबाइल का अत्यधिक प्रयोग घातक, महिला परिषद ने किया जागरूक

आगरा। अखिल भारतीय महिला परिषद, नगर शाखा की ओर से एक पहल पाठशाला में शुक्रवार को जागरूकता अभियान के तहत छात्रों के लिए मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग से होने वाली हानियों की जानकारी प्रदान की गई। सोनम अग्रवाल और श्रीमती शुभांगी पाठक ने विस्तार से छात्रों को संबोधित किया।

May 2, 2025 - 18:29
 0
विद्यार्थी जीवन में मोबाइल का अत्यधिक प्रयोग घातक, महिला परिषद ने किया जागरूक
एक पहल पाठशाला में आयोजित जागरूकता अभियान में शामिल अखिल भारतीय महिला परिषद की पदाधिकारी।

छात्रों से संवाद भी स्थापित किया गया और उनकी समस्याएं पूछ कर उनके समाधान दिए गए। बताया गया कि सुबह उठने के एक घंटे बाद ही मोबाइल उठाएं और सोने से एक घंटा पहले ही मोबाइल का प्रयोग बंद कर दें। क्या देखना है और क्या नहीं, इसकी सीमारेखा भी बतायी गई। हर बात के लिए मोबाइल पर निर्भर करना ठीक नहीं। ऑनलाइन पढ़ाई तक ही मोबाइल का प्रयोग करें। किसी भी प्रकार का खेल मोबाइल पर खेलना हानिकारक है और समय की बर्बादी भी। पाठ्यक्रम की पढ़ाई के अतिरिक्त सामान्य ज्ञान के लिए भी कुछ पढ़ने में समय व्यतीत करना चाहिए। 

छात्रों को बताया गया कि इनडोर और आउटडोर गेम्स के लिए भी समय निकालना स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। मित्रों और परिवारीजनों के साथ भी कुछ समय बिताना चाहिए। खाना खाते समय मोबाइल में ध्यान रहने से भोजन का स्वाद और आनंद नहीं लिया जा सकता। हर समय मोबाईल का प्रयोग करना या उसी के बारे में सोचना बहुत हानिप्रद है। इससे बच्चे हर किसी से ही कट जाते हैं और एक समय आता है कि अकेलेपन और अवसाद के शिकार हो जाते हैं। आँखों पर असमय चश्मा चढ़ जाता है। 

अध्यक्ष उमा सिंह, सचिव डॉ. पूनम तिवारी, कोषाध्यक्ष चित्ररेखा कटियार, स्टैंडिंग कमेटी मेंबर डॉ.सुषमा सिंह, काउंसलर प्रेमलता मिश्रा एवं सरोज प्रशांत ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया। 

‘एक पहल पाठशाला ‘के डायरेक्टर मनीष राय, बरखा राय, प्रधानाचार्य नवीन और आरती, शालिनी, सुमित्रा, गीता आदि अध्यापिकाओं का सहयोग उल्लेखनीय रहा। बच्चों की भागीदारी भी सराहनीय रही।सरोज प्रशान्त के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।