तमिल एक्टर विजय थलापति के खिलाफ बरेली से फतवा जारी

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चश्मे दारुल इफ्ता के प्रमुख मुफ्ती मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टी टीवीके (TVK) के अध्यक्ष और अभिनेता विजय थलापति के खिलाफ फतवा जारी किया है।

Apr 16, 2025 - 20:23
 0
तमिल एक्टर विजय थलापति के खिलाफ बरेली से फतवा जारी

इस फतवे में उन्हें इस्लाम विरोधी व्यक्ति करार देते हुए, तमिलनाडु के मुसलमानों को उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

मौलाना का आरोप- थलापति का मुस्लिम विरोधी इतिहास

मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी ने कहा कि विजय थलापति का इतिहास इस्लाम और मुसलमानों के विरोध से भरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि थलापति ने अपनी फिल्मों में बार-बार मुस्लिम समुदाय को आतंकवाद और कट्टरता से जोड़ा है। विशेष रूप से उनकी फिल्म “द बीस्ट” का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उसमें मुसलमानों को "राक्षस" और "शैतान" जैसे शब्दों से चित्रित किया गया है।

रमज़ान और इफ्तार का अपमान

हाल ही में विजय थलापति द्वारा आयोजित एक इफ्तार पार्टी पर भी मौलाना ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इफ्तार जैसे पवित्र अवसर पर ऐसे लोगों को आमंत्रित किया गया जो इस्लामी सिद्धांतों के खिलाफ आचरण करते हैं। मौलाना के अनुसार, इफ्तार पार्टी में शराबी, जुआरी और गैर-इस्लामी गतिविधियों में लिप्त व्यक्ति शामिल थे, जिससे रमज़ान की पवित्रता का अपमान हुआ।

थलापति से दूर रहें मुसलमान

फतवे में विशेष रूप से तमिलनाडु के मुसलमानों को चेताया गया है कि वे विजय थलापति की राजनीतिक रणनीतियों का हिस्सा न बनें। उन्हें उनके धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में आमंत्रित न करें और राजनीतिक चातुर्य से दूर रहें। मौलाना ने यह भी कहा कि मुस्लिम प्रेम केवल दिखावा है, थलापति का उद्देश्य केवल मुस्लिम वोट बैंक को लुभाना है, जबकि उनका इतिहास मुसलमानों के ख़िलाफ़ रहा है।

पुलिस में भी दर्ज हुई हैं शिकायतें

बताया गया है कि इस इफ्तार पार्टी को लेकर तमिलनाडु में कई सुन्नी मुस्लिम संगठनों द्वारा पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई है।