शाहगंज बाजार के एक साड़ी शोरूम में लगी आग, बाजार में मची अफरा तफ़री
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र के रुई की मंडी बाजार में एक साड़ी शोरूम में आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर स्वाहा हो गया। बाजार में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है।
रुई की मंडी बाजार में स्थित बिंदिया साड़ी शोरूम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शोरूम के अंदर रखा सामान धू- धू कर जलने लगा। आसमान में धुंआ छा गया। शो रूम में आग लगने से बाजार में अफरा तफरी मच गई। दुकानदारों को अपनी दुकानें चपेट में आने का डर सताने लगा।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसने बाजार का दोनों ओर से रास्ता रोक दिया। इसी बीच पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफ़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है पर शॉर्ट शर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान होने की संभावना है।