बरेली की चावल मंडी में मृत पांच बंदरों की हड्डियां टूटी हुई मिलीं, शहर में भारी गुस्सा
बरेली। जिले के किला थाना क्षेत्र के चावल मंडी में सोमवार को पांच बंदरों की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बंदरों को जहर नहीं दिया गया था, बल्कि उनके शरीर पर गहरी चोटों के निशान मिले हैं। कुछ बंदरों की हड्डियां टूटी हुई थीं और कई के अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गए, जिससे यह साफ है कि उन्हें पीट-पीटकर मारा गया।
-क्या पांचों बंदरों की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई
सोमवार दोपहर चावल मंडी में एक व्यापारी की दुकान के पीछे चार-पांच बंदर बेहोशी की हालत में पाए गए था। सूचना मिलते ही पुलिस और पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) संस्था के सदस्य मौके पर पहुंचे। चार बंदरों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि नहीं हुई, बल्कि गहरी चोटें और अंदरूनी अंगों की क्षति सामने आई।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पीएफए अध्यक्ष धीरज पाठक ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी।
मंडी के कुछ व्यापारी बंदरों की शिकायत करते आ रहे थे
चावल मंडी क्षेत्र में बंदरों की संख्या बढ़ने से व्यापारी और स्थानीय लोग परेशान थे और कई बार शिकायत कर चुके थे। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और हड़कंप मचा हुआ है।