आगरा एयरपोर्ट पर फ्लाइट अलर्ट: टेक्निकल फॉल्ट से एक घंटे तक रनवे पर अटका विमान, फिर भरी उड़ान

आगरा। आगरा से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की नियमित फ्लाइट में मंगलवार को तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को करीब एक घंटे तक फ्लाइट में ही इंतजार करना पड़ा। रनवे पर पहुंचते ही पायलट ने फॉल्ट महसूस किया, जिसके बाद तुरंत फ्लाइट को पार्किंग एरिया में वापस लाया गया। इंजीनियरों की टीम ने जांच कर फॉल्ट दुरुस्त किया, तब जाकर फ्लाइट को टेकऑफ की अनुमति दी गई।

Jun 3, 2025 - 18:32
 0
आगरा एयरपोर्ट पर फ्लाइट अलर्ट: टेक्निकल फॉल्ट से एक घंटे तक रनवे पर अटका विमान, फिर भरी उड़ान
प्रतीकात्मक इमेज

रनवे से लौटी फ्लाइट, फिर भरी उड़ान

जानकारी के अनुसार, आगरा-बेंगलुरु फ्लाइट दोपहर 12:10 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी और यात्रियों को लेकर 1:00 बजे उड़ान भरने के लिए रवाना हुई। तभी पायलट को कुछ तकनीकी दिक्कत महसूस हुई। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तुरंत एटीसी से संपर्क कर रनवे छोड़ने की अनुमति ली और विमान को फिर से पार्किंग ज़ोन में लाया गया।

इंजीनियरों ने मौके पर ठीक किया फॉल्ट

इंडिगो की टेक्निकल टीम ने तुरंत फॉल्ट की जांच और मरम्मत शुरू की। एक घंटे की मशक्कत के बाद जब सिस्टम सामान्य पाया गया, तभी विमान को फ्लाइट क्लियरेंस दी गई। इसके बाद फ्लाइट ने करीब दोपहर 2:00 बजे उड़ान भरी।

एयरपोर्ट डायरेक्टर ने दी जानकारी

खेरिया हवाई अड्डे के निदेशक वाई.एस. तोमर ने बताया कि सुरक्षा नियमों के तहत सभी तकनीकी परीक्षण पूरे करने के बाद ही फ्लाइट को उड़ान की मंजूरी दी गई। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी कारण थोड़ी देरी हुई।

यात्रियों को हुआ असुविधा का सामना

तकनीकी फॉल्ट के चलते यात्रियों को विमान में ही इंतजार करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए घबराहट और असहजता का माहौल बना। हालांकि एयरलाइन स्टाफ द्वारा स्थिति संभाल ली गई और यात्रियों को लगातार जानकारी अपडेट दी जाती रही।

SP_Singh AURGURU Editor