पूर्व सीएम अशोक गहलोत 22 जून को आगरा में, निहाल सिंह जैन स्मरण कार्यक्रम में लेंगे भाग

आगरा। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत 22 जून को आगरा दौरे पर आ रहे हैं। वे पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित पुण्य स्मरण समारोह ‘निहाल’ में बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन माल रोड स्थित बीडी जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज के वातानुकूलित सभागार में शनिवार शाम 3:30 बजे से होगा।

Jun 20, 2025 - 18:21
 0
पूर्व सीएम अशोक गहलोत 22 जून को आगरा में, निहाल सिंह जैन स्मरण कार्यक्रम में लेंगे भाग

-बीडी जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में होगा 'निहाल' पुण्य स्मरण कार्यक्रम

पूर्व सांसद निहाल सिंह को दी जाएगी श्रद्धांजलि

इस समारोह में शहरवासी आगरा के विकास में अहम योगदान देने वाले, दो बार के लोकप्रिय सांसद रहे निहाल सिंह जैन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। निहाल सिंह फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक व शैक्षिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां जुटेंगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति

फाउंडेशन के अध्यक्ष व राजाखेड़ा-धौलपुर विधायक रोहित वोहरा और सचिव मनोज जैन वोहरा ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के पूर्व गृह एवं वित्त मंत्री प्रद्युम्न सिंह करेंगे। अशोक गहलोत और प्रद्युम्न सिंह कार्यक्रम के दौरान निहाल सिंह जैन के संस्मरण साझा करेंगे और कांग्रेस पार्टी व देश के प्रति उनके योगदान को याद करेंगे।

साहित्य, समाज और शिक्षा को समर्पित आयोजन

फाउंडेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश चिमटी और उपाध्यक्ष मोहित वोहरा ने बताया कि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कुसुम चतुर्वेदी और एआईसीसी सदस्य महेश पाठक (मथुरा) विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में मेधावी बेटियों को छात्रवृत्ति, कला उद्यमियों और खेल प्रतिभाओं को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।

तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

फाउंडेशन के सचिव मनोज जैन वोहरा के आवास पर बैठक आयोजित कर समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन संरक्षक शशि शिरोमणि, कोषाध्यक्ष रोहित जैन वोहरा, ऋषभ वोहरा और वासु जैसवाल सहित कई सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor