आगरा पहुंचे गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बोले- गौ आधारित खेती किसानों के लिए वरदान

आगरा। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम विहार गर्ग बुधवार को आगरा सर्किट हाउस पहुंचे और मीडिया से बातचीत में प्रदेश में गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए आयोग की योजनाओं की जानकारी दी।

Apr 24, 2025 - 18:07
 0
आगरा पहुंचे गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बोले- गौ आधारित खेती किसानों के लिए वरदान
श्याम विहार गर्ग, अध्यक्ष, गौ सेवा आयोग, आगरा में मीडिया को संबोधित करते हुए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में स्थित गौशालाओं को प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

गर्ग ने बताया कि गौ आधारित खेती से न केवल किसानों की लागत घटेगी, बल्कि उपज की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। आयोग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक किसान इस मॉडल को अपनाएं और रासायनिक खेती से छुटकारा पाएं।

पीएम मोदी की पहल का ज़िक्र

गर्ग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस पहल का भी ज़िक्र किया, जिसमें एक करोड़ किसानों के साथ गौ आधारित प्राकृतिक खेती की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल 20 लाख से अधिक किसान इस दिशा में सक्रिय हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

गौशालाओं का होगा निरीक्षण

आगरा मंडल की सभी गौशालाओं का निरीक्षण किया जाएगा। आयोग द्वारा यह देखा जाएगा कि कौन-कौन सी गौशालाएं प्राकृतिक खेती के लिए उपयुक्त हैं और कहां-कहां सुधार की ज़रूरत है। यदि किसी गौशाला में कोई कमी पाई जाती है, तो उसकी समीक्षा कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

प्राकृतिक संसाधनों का होगा समुचित उपयोग

गर्ग ने बताया कि गोबर, गोमूत्र और अन्य गौ उत्पादों का उपयोग जैविक खाद, कीटनाशक और पोषण तत्वों के रूप में किया जा सकता है, जिससे किसानों को महंगे रासायनिक उत्पादों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।