शादी से पहले उजड़ा आशियानाः राजू भाट के घर में बेटी की शादी का सारा सामान जलकर खाक
किरावली (अछनेरा)। आगरा में थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव तुरकिया के पहाड़ पर बसे गरीब परिवार के लिए एक जून की तारीख खुशियों की बजाय विनाश की निशानी बन गई। पीड़ित राजू भाट की बेटी शारदा की शादी थी, लेकिन इससे ठीक दो दिन पहले उनके झोपड़ीनुमा कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में विवाह के लिए जोड़ा गया सारा दहेज, कपड़े, अनाज, किराना और जरूरी सामान जलकर खाक हो गया।
तीन लाख का नुकसान, बेटी की शादी पर संकट
पीड़ित राजू ने बताया कि उनकी बेटी शारदा की शादी एक जून को तय थी। बरात बिचपुरी के गांव सदरवन से आने वाली थी, लेकिन अचानक आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। जो कुछ भी जमा किया था, वो सब जलकर राख हो गया। राजू का कहना है, अब बेटी के पीले हाथ कैसे होंगे? तन पर कपड़े भी नहीं बचे, और रसोई में अन्न का एक दाना तक नहीं है।
ग्रामीणों ने की मदद की कोशिश, पर नाकाम
दोपहर करीब तीन बजे झोपड़ी से आग की तेज लपटें उठने लगीं। ग्राम प्रधान गीतम सिंह लम्बरदार के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि पहाड़ पर बनी अन्य बस्तियों में भी अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धूप और लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके।
दमकल ने बुझाई आग, लेकिन बचा कुछ नहीं
फायर ब्रिगेड को सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा सब कुछ राख के ढेर में तब्दील हो चुका था। अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
प्रशासन से मदद की आस
ग्राम प्रधान ने तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी है और उम्मीद जताई है कि पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता मिलेगी। इस त्रासदी ने शादी की खुशियों को गम में बदल दिया है।