आगरा में शहर से देहात तक सांसद, विधायक और महापौर समेत हर किसी ने साधा योग
आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2025 को आगरा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कस्बों से लेकर गांवों तक योग की ऊर्जा प्रवाहित होती दिखी। हर वर्ग, हर आयु के लोगों ने योगाभ्यास कर भारत की इस प्राचीन विधा के प्रति अपनी आस्था जताई। न केवल आगरा, अपितु आगरावासियों ने लंदन और केरल में भी योग किया। जो जहां था, वहां योगाभ्यास किया।
नगर निगम परिसर में हुआ योगाभ्यास, महापौर ने दिए स्वस्थ जीवन के मंत्र
आगरा नगर निगम प्रांगण में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार व सत्येंद्र कुमार तिवारी, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, मुख्य अभियंता बी.एल. गुप्ता, पार्षद राकेश जैन, भरत शर्मा, विक्रांत कुशवाह सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
महापौर ने कहा कि नियमित योग करने से हम न केवल स्वयं को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि समाज की बेहतर सेवा भी कर सकते हैं। उन्होंने निगमकर्मियों से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।
योग कार्यक्रम के अंत में महापौर ने आयुर्वेद से जुड़े विशेष प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
दीवान-ए-आम में सांसद ने लोगों संग किया योग
फतेहपुर सीकरी के ऐतिहासिक दीवान-ए-आम परिसर में आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में सांसद व भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, अपर जिलाधिकारी (न्याय) धीरेन्द्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख पति गुड्डू चाहर, खंड विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, सहायक संरक्षक चौधरी दिलीप सिंह, भाजपा के हीरा सिंह (जिला मंत्री), विल्सन कुशवाहा, सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। संगठनात्मक सहभागिता से कार्यक्रम में उत्साह चरम पर रहा।
सांसद राजकुमार चाहर ने योग को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
किरावली में विधायक व प्रशासनिक अफसरों ने किया योग
किरावली स्थित एम पब्लिक स्कूल में आयोजित योग सत्र में विधायक चौधरी बाबूलाल, उपजिलाधिकारी नीलम तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता मोरध्वज सिंह इंदौलिया, तहसीलदार दीपांकर, नायब तहसीलदार आर.पी. सिंह, पूर्व मंडी अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, मंडी सचिव संजय पचहेरे, सभासद दानिश कुरैशी, भाजपा नेता हाजी कुरैशी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने योग किया।
एडवोकेट अनिल वर्मा ने लंदन में किया योग
शहर के जाने माने आयकर अधिवक्ता अनिल वर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर वेम्बली, लंदन की रॉबिन्सन ईस्ट बिल्डिंग परिसर में ब्रिटिश नागरिकों के साथ योग किया। अनिल वर्मा एडवोकेट इन दिनों वेम्बली, लंदन में रहने वाले अपने पुत्र अनुज वर्मा, जो वहां सॊलिसिटर हैं, से मिलने गये हुए हैं। अनुज वर्मा रॊबिन्सन ईस्ट बिल्डिंग की 10वीं मंजिल पर रहते हैं।
योग दिवस पर योगाभ्यास का यह कार्यक्रम अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल की छत पर किया गया। एडवोकेट अनिल वर्मा ने बताया कि योग दिवस को लेकर लंदन के नागरिकों में भी खासा उत्साह था। योगाभ्यास के बाद इस बिल्डिंग के सभी ब्रिटेनवासियों ने गायत्री मंत्र का उच्चारण भी किया।
रोटरी सदस्यों ने केरल में समुद्र तट पर किया योग
शहर के प्रमुख चिकित्सक डॊ. आलोक मित्तल इन दिनों रोटरी क्लब ऒफ आगरा के दल के साथ केरल के दौरे पर हैं। डॊ. आलोक मित्तल और रोटरी क्लब के अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज केरल के कोवलम के शांत समुद्र तट पर योग किया। डॊ. मित्तल ने बताया कि विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में एक पुनः ऊर्जा प्रदान करने वाला योग सत्र आयोजित किया गया।
यह विशेष सत्र रोटरी फेलोशिप टूर के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य और मित्रता का अद्भुत संगम देखने को मिला। डॊ. मित्तल ने बताया कि लहरों की आवाज़, उगता हुआ सूरज और चारों ओर फैली शांति, इन सबने इस क्षण को मन, शरीर और प्रकृति से जुड़ने के लिए बिल्कुल उपयुक्त बना दिया।
कदम संस्था ने संजय प्लेस पर मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
यूथ हॉस्टल, संजय प्लेस में कदम संस्था आगरा ने इंडिया राइजिंग टीम एवं युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक और सफलतापूर्वक संपन्न किया।
जबलपुर से पधारीं योग प्रशिक्षक अधिवक्ता शिखा जैन के सान्निध्य में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।
कदम प्रमुख नमन जैन सहित संस्था के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में वृक्षारोपण अभियान भी संपन्न हुआ। इस दौरान विशेष अवसरों पर पौधे लगाए गए। निशा गुप्ता के जन्मदिन, शिखा जैन एवं सौरभ नायक की वैवाहिक वर्षगांठ, तथा अशोक कुमार वर्मा एवं नीतू वर्मा की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में।
जबलपुर से कदम टीम के सदस्य योगेश घनोरे के नेतृत्व में अभियान में शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजीव जैन, नमन जैन, अवधेश उपाध्याय सहित कदम टीम के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। स्वयंसेवकों में हर्षित जैन, रागिनी अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, अमित कोहली, नितिन जोहरी का सहयोग उल्लेखनीय रहा।