बरेली में हैदरी दल के दो सदस्यों ने पार्क में महिलाओं से धर्म पूछा और फिर की अभद्रता
बरेली। ईद के दिन गांधी उद्यान में महिलाओं के साथ अभद्रता कर धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश करने वाले हैदरी दल के दो सक्रिय सदस्यों समीर रजा और शहवाज उर्फ सूफियान को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि इन लोगों ने महिलाओं के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए, जिनमें आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं।
-इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश भी की, पुलिस ने दोनों जेल भेजे
पार्क में घुसकर की थी अभद्रता
ईद के मौके पर गांधी उद्यान में हैदरी दल के ये दोनों सदस्य पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं से जबरन बातचीत की, उनसे धर्म पूछा और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। इन वीडियो को हैदरी दल बरेली नाम के इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किया गया, जिससे शहर में तनाव का माहौल बन गया और महिलाओं में असुरक्षा की भावना देखी गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी-एसएसपी
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की निजता से खिलवाड़ और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।