आगरा में क्रिप्टो मुनाफे के नाम पर कारोबारी से 4.93 करोड़ की साइबर ठगी

आगरा। कटरा वज़ीर खां निवासी कारोबारी मधुर जैन को साइबर ठगों ने क्रिप्टो निवेश में भारी मुनाफे का झांसा देकर करीब 4.93 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। ठगों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर जैन को पहले लाभ का लालच दिया और फिर धीरे-धीरे करोड़ों की रकम ऐंठ ली।

Apr 22, 2025 - 22:23
 0
आगरा में क्रिप्टो मुनाफे के नाम पर कारोबारी से 4.93 करोड़ की साइबर ठगी

मधुर जैन ने आगरा के साइबर थाने में दी शिकायत में बताया कि फरवरी में उनके व्हाट्सएप पर एक अंजान नंबर से संदेश आया। सामने वाले ने खुद को सिमरन खन्ना, एक क्रिप्टो इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट बताया और "एम काइनेक्स" नामक ऐप के ज़रिए निवेश करने को कहा। शुरुआती निवेश 50,000 रुपये पर 4,900 रुपये का लाभ मिलने से जैन का भरोसा बढ़ा और वे झांसे में आ गए।

इसके बाद सिमरन ने 50 लाख रुपये निवेश करने को कहा। लालच में आकर कारोबारी ने भारी निवेश किया, लेकिन इस बार रकम की निकासी संभव नहीं हो सकी। हर बार नए बहाने बनाकर सिमरन ने और पैसे निवेश करने को कहा। इस तरह दो महीनों में जैन ने कुल 4,93,90,854 रुपये की राशि निवेश कर दी।

जब रकम वापसी के नाम पर सिमरन टालमटोल करने लगी, तब जाकर जैन को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन खातों में पैसे भेजे गए, उनकी पड़ताल की जा रही है और ठगों की तलाश जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor