बाबा महाकाल और रामलला के संग निकली आमंत्रण यात्रा, जय श्रीराम के उद्घोष

  आगरा। श्री केसरीनंदन महोत्सव समिति द्वारा शुक्रवार को हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बाबा महाकाल और रामलला की शोभायात्रा के लिए भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली गई। जय श्रीराम और जय महाकाल के गूंजते जयघोष, भक्ति संगीत और पुष्प वर्षा से शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

Apr 12, 2025 - 12:14
 0
बाबा महाकाल और रामलला के संग निकली आमंत्रण यात्रा, जय श्रीराम के उद्घोष

फुलट्टी बाजार से शुरू हुई इस आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा में पुरुषों के साथ मातृशक्ति की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जिन्होंने जगह-जगह रुककर व्यापारियों और नागरिकों को यात्रा का न्योता दिया।

शोभायात्रा कल निकलेगी

समिति के संरक्षक अजय आवगढ़ और संस्थापक सुधीर शर्मा ने बताया कि 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे फुलट्टी के प्राचीन कुएं वाले मंदिर पर रामलला एवं हनुमंत महाभिषेक का आयोजन होगा, जिसके पश्चात शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में उज्जैन से महाकाल पालकी, रामलला की झांकी, दिव्य छप्पन भोग, पुष्प व इत्र वर्षा, महाआरती, मुख्य चौराहों पर आतिशबाजी आदि विशेष आकर्षण होंगे।

35 झांकियां, 15 बैंड और विशेष संतों की उपस्थिति

यात्रा संयोजक कुमुद वर्मा ठाकुर ने जानकारी दी कि शोभायात्रा में 35 झांकियां, 15 बैंड, मथुरा से मां काली का अखाड़ा और देशभर से पहुंचे संत-महंत हिस्सा लेंगे। विशेष रूप से उज्जैन महाकाल मंदिर के मुख्य महंत यश महाराज, असम के मां कामाख्या मंदिर से कीर्तिमान महाराज, तथा मनकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

नगर भ्रमण और स्वागत

आमंत्रण यात्रा फुलट्टी चौराहे से होकर सिंधी बाजार, फुब्बारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, बेलनगंज, पथवारी, घटिया चौराहा होते हुए फुलट्टी चौक पर संपन्न हुई। व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर सचिव रवि दूबे, गप्पू शर्मा, गौरव बंसल, वंदना सिंह, निधि बंसल, तनु जैन, शिवा दीक्षित, केशव अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अनुराग शर्मा, प्रतीक, दीपेश जैन सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor