नानऊ की दीपा की मौत की गुत्थी क्या गांव के चार दिन पुराने घटनाक्रम से जुड़ी हुई है?
आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र के नानऊ गांव में भूसे की बुर्जी में मृत मिली महिला 33 वर्षीया दीपा की मौत ने गांव में सनसनी फैला दी है। अब पुलिस की जांच ने इस रहस्यमयी मौत को चार दिन पहले के एक रहस्यमय घटनाक्रम से जोड़ दिया है, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया था।
दीपा, जो सूरजपाल उर्फ मुकेश की पत्नी थी, पिछले चार दिनों से गायब थी। उसका शव आज सुबह घर से कुछ ही दूरी पर एक भूसे की बुर्जी में मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दीपा की मौत अचानक नहीं हुई, इसके पीछे एक गहरा और चौंकाने वाला राज छुपा है, जिसका खुलासा पुलिस जल्द कर सकती है। पुलिस फिलहाल मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चार दिन पहले गांव में एक ऐसा घटनाक्रम हुआ था जिसमें गांव का ही एक युवक मानसिक तनाव में आ गया और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। समय रहते परिवारवालों ने उसे बचा लिया और फिलहाल वह युवक आगरा के एक अस्पताल में इलाजरत है।
अब पुलिस उसी घटना को केंद्र में रखकर दीपा की मौत की परतें खोलने में जुटी है। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के भाई चंद्रवीर ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बार-बार उसी युवक का नाम लिया है, जिसने आत्महत्या की कोशिश की थी। लेकिन सवाल ये है कि अगर वह युवक चार दिन से अस्पताल में भर्ती है, तो दीपा को किसने गायब किया और फिर उसकी हत्या कर दी?
दीपा के पति सूरजपाल ने ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट अछनेरा थाने में लिखवाई थी। इस बीच, गांव में कई तरह की चर्चाएं तेज़ हैं कि दीपा के साथ उसी रात कुछ ऐसा हुआ, जिसने इस पूरे मामले को जटिल बना दिया। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में बड़ा खुलासा हो सकता है, जो पूरे गांव को हिलाकर रख देगा।