मोदी के इशारे भर की देर है, बांग्लादेश का नामोनिशान मिट जाएगा- तोगड़िया
बरेली। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॊ.प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा बांग्लादेश अपने यहां के हालात सुधार ले। पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे भर की देर है, बांग्लादेश का का नामोनिशान मिट जाएगा। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले दर्शा रहे हैं कि यह अहसान फरामोश देश है। जब पाकिस्तान की सेना बांग्लादेशियों पर जुल्म ढा रही थी, तब हिंदुस्तान की सेना ने ही इनकी मदद की थी। ये सारे अहसान ये भूल गए हैं।
-बरेली में बोले तोगड़िया- हर हिंदू दंपति तीन बच्चे पैदा करे, बुलडोजर शांति का प्रतीक है
-पत्थरबाजों के होश ठिकाने लगाने को योगी आदित्यनाथ जैसे सशक्त नेता की जरूरत- सभी उनका साथ दें
डॊ. प्रवीण भाई तोगड़िया दो दिन के दौरे पर बरेली आए हुए हैं। यहाँ उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। भोजीपुरा स्थित दिव्यानंद आश्रम के मैदान में आयोजित हिंदू सम्मेलन में बोलते हुए डॊ. तोगड़िया ने कहा कि बांग्लादेश ने पाकिस्तान की सेना द्वारा उन पर किए गए जुल्म-ज्यादती और भारत की मदद को भुला दिया है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार ने उसका असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।
हिंदुओं की घटती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को मंदिरों पर गांव वालों को एकत्रित कर हनुमान चालीसा का पाठ करें। इससे हमें ऊर्जा मिलेगी और हनुमान जी हम सबकी रक्षा करेंगे।
इसके बाद पत्रकार वार्ता में डा. तोगड़िया ने कहा कि प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ में संगठन द्वारा प्रत्येक दिन 35 से 40 हजार यात्रियों को भोजन के अलावा चाय आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही गद्दा, कंबल व मोबाइल चार्जिंग की सुविधा व्यवस्था भी संगठन करेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर कैंप भी लगाए जाएंगे। यहां बुजुर्गों और बच्चों को कुंभ क्षेत्र तक पहुंचने के लिए वाहन की भी व्यवस्था की जाएगी।
बांग्लादेश के हालात पर चिंता जताते हुए उन्होने कहा कि कट्टरपंथियों ने हिंदुओं को निशाना बनाया है। विश्वास है कि भारत सरकार इसका शीघ्र ही हल निकालेगी। संभल बवाल पर कहा कि प्रदेश में योगी जैसे सशक्त नेता हैं। वे इसका हल निकालने में पूर्णतःसक्षम हैं।
क़स्बा भमोरा में आयोजित कार्यक्रम में डॊ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले पत्थरबाजों के होश ठिकाने लगाने के लिए योगी जैसे नेता की जरूरत है, इसलिए योगी का समर्थन सभी हिंदुओं को करते रहना होगा। अब पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। तोगड़िया ने बुलडोजर को शांति का प्रतीक बताया और कहा कि प्रत्येक हिंदू दंपति को कम से कम तीन बच्चे जरूर पैदा करने होंगे। डॊ. तोगड़िया ने फरीदपुर में नर सेवा नारायण सेवा समूह के सदस्यों के साथ बैठक भी की।