केआरएस टी-20 टूर्नामेंट, पहला मैच पुलिस वारियर्स और दूसरे डीएम इलेवन ने जीता

आगरा। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर सी न्यूज द्वारा आयोजित केआरएस टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में आगरा पुलिस वॊरियर्स ने आईटी रेडर्स को 32 रन से हराया। आगरा पुलिस वॉरियर्स के हरफनमौला खिलाड़ी सचिन को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

Feb 1, 2025 - 21:56
 0
केआरएस टी-20 टूर्नामेंट, पहला मैच पुलिस वारियर्स और दूसरे डीएम इलेवन ने जीता
केआरएस टी-20 टूर्नामेंट, पहला मैच पुलिस वारियर्स और दूसरे डीएम इलेवन ने जीता


उद्घाटन मुकाबले में आईटी रेडर्स के कप्तान मुख्य आयकर आयुक्त एस नैयर अली नजमी ने टॉस जीता और आगरा पुलिस वॉरियर्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। आगरा पुलिस वॉरियर्स की टीम ने 19.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 151 रन बनाए, जिसमें सचिन ने 40 गेंदों में चार छक्कों और पांच चौकों की मदद से 69 रनों की आतिशी पारी खेली।
आईटी रेडर्स की टीम ने रन चेज के लिए उतरी और बिना विकेट खोए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली, लेकिन आगरा पुलिस वॉरियर्स के सचिन ने हैट्रिक लेकर आईटी रेडर्स की टीम की कमर तोड़ दी। आगरा पुलिस वॉरियर्स ने यह मुकाबला 32 रनों से अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद दोनों ही टीमों को कप्तानों ने इस आयोजन की व्यवस्थाओं की तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सी न्यूज द्वारा यह आयोजन उच्च कोटि का है, और दोनों ही टीमों के कप्तानों ने दोनों टीमों की खेल भावना और खेल की तारीफ की।
दूसरा मुकाबला डीएम इलेवन ने जीता
सी न्यूज के केआरएस टी-20 लीग का दूसरा मुकाबला आगरा डीएम इलेवन और जीएसटी रॉयल्स के बीच खेला गया, जिसमें आगरा डीएम इलेवन ने 103 रनों से जीत हासिल की। इस मैच में आगरा डीएम इलेवन के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, जिसके बाद उनकी टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए।
आगरा डीएम इलेवन के लिए अधीर बघेल ने 22 रन, पीसीएस अधिकारी अभय सिंह ने 45 रन, मोहित पांडे ने 59 रन, मनीष शुक्ला ने 44 रन और अनुज शर्मा ने 30 रन बनाए। जीएसटी रॉयल्स के लिए विनोद यादव ने 2 विकेट, डॉ हरित कुमार और राजीव त्यागी ने 1-1 विकेट लिए।
जीएसटी रॉयल्स की टीम 230 रनों का पीछा करने में असफल रही और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 126 रन ही बना पाई। डॉ हरित कुमार ने 71 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम को जीत नहीं दिला पाए। आगरा डीएम इलेवन के प्रशांत तिवारी ने 4 ओवर में 23 रन दिए, जबकि अभय सिंह ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रशांत राजपूत ने 2 विकेट, मोहित पांडे और तरुन चाहर ने 1-1 विकेट लिए।
इस मैच में हरफनमौला खेल के लिए पीसीएस अधिकारी अभय सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैचों के दौरान जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय, डीसीपी वेस्ट सोनम कुमार, सी न्यूज के एमडी नीरज जैन, चक्रेश जैन, क्रिएटिव हेड अखलाक हुसैन आदि भी मौजूद रहे। मैचों में अंपायरिंग वकार अहमद और असीम पाल ने की। स्कोरर विवेक चौधरी रहे। कमेंट्री विनोद यूनियर और विजय बघेल ने की। राकेश कनौजिया, नरेंद्र, रूपेश भारद्वाज मौजूद रहे।