आगरा कॉलेज में हुआ व्याख्यान, विद्यार्थियों में जागी संवैधानिक चेतना
आगरा। हिंदी विभाग, आगरा कॉलेज, आगरा द्वारा शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “हमारा संविधान, हमारा अभिमान” पखवाड़े के अंतर्गत दिनांक 17 अप्रैल 2025 को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में एक सारगर्भित व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में प्रो. रामवीर सिंह (पूर्व निदेशक, केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा) आमंत्रित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. सीके गौतम द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात डॉ. आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन, योगदान और विचारों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
विषय प्रवर्तन प्रो. उमाकांत चौबे द्वारा किया गया। प्रो. रामवीर सिंह ने अपने वक्तव्य में संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, डॉ. आंबेडकर की सामाजिक न्याय की अवधारणा और उनके क्रांतिकारी विचारों को विद्यार्थियों के समक्ष अत्यंत प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किया। उनके वक्तव्य ने युवाओं में संविधान के प्रति सम्मान, आत्मगौरव और जिम्मेदारी की भावना को प्रबल किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. शेफाली चतुर्वेदी ने संयोजित एवं प्रभावशाली ढंग से किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता रानी, प्रो. ममता सिंह, प्रो. चंद्रशेखर शर्मा, प्रो. भूपाल सिंह, प्रो. संध्या यादव, प्रो. सुनीता द्विवेदी, प्रो. अमित चौधरी, श्री रामप्रकाश पाल, डॉ. आनंद मिश्रा सहित हिंदी विभाग के समस्त शिक्षकगण, शोधार्थी एवं स्नातक व परास्नातक स्तर के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम विचारोत्तेजक, प्रेरणादायक एवं संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाने वाला रहा। अंत में सभी ने डॉ. आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा ली।