बरेली में कहर बनी आकाशीय बिजली: दो की मौत, एक पशु भी मरा
बरेली। मानसून से पहले की तेज़ बारिश बरेली जिले में दैवीय आपदा बनकर टूटी। मीरगंज, बहेड़ी और आंवला तहसीलों में तीन अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक भैंस का बच्चा भी जलकर राख हो गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मंगली निवासी सिधौली गोटिया (मीरगंज) और 25 वर्षीय फरदीन अंसारी निवासी ग्राम सिमरा (बहेड़ी) के रूप में हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सरकारी सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ईंट भट्ठे पर गिरा कहर
मीरगंज तहसील के सिधौली गोटिया गांव में मंगली नामक मजदूर सुबह लगभग 6 बजे रमेश फौजी के ईंट भट्टे पर काम कर रहा था। तभी तेज गर्जना के साथ बिजली उसके ऊपर आ गिरी और वह वहीं ढेर हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पेड़ के नीचे भी नहीं मिली पनाह
थाना बहेड़ी के सिमरा गांव निवासी फरदीन अंसारी (25) रविवार सुबह लगभग 7 बजे बारिश से बचने के लिए ग्राम मिर्जापुर रंजीत के पास एक पेड़ के नीचे खड़ा था, तभी बिजली उसी स्थान पर गिर गई। फरदीन की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची।
पशु भी नहीं बच सका
आंवला तहसील के रामनगर गांव में एक पेड़ पर बिजली गिरने से उसके नीचे खड़ा एक भैंस का बच्चा झुलस कर मर गया। मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी आंवला नाहने राम ने स्थिति का जायजा लिया।
एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा और जिलाधिकारी को पूरी रिपोर्ट भेजी जा रही है।