महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा ने की शादी: जर्मनी में गुपचुप सेरेमनी, वायरल तस्वीर ने खोला राज

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस की चर्चित सांसद महुआ मोइत्रा ने एक बार फिर निजी जीवन में बड़ा फैसला लेते हुए दूसरी शादी कर ली है। उन्होंने ओडिशा की बीजू जनता दल  के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से विवाह किया। बताया जा रहा है कि यह शादी 3 मई को जर्मनी में बेहद निजी तरीके से संपन्न हुई।

Jun 5, 2025 - 18:26
 0
महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा ने की शादी: जर्मनी में गुपचुप सेरेमनी, वायरल तस्वीर ने खोला राज

हालांकि इस शादी को लेकर न तो महुआ मोइत्रा और न ही पिनाकी मिश्रा ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर में दोनों पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आ रहे हैं, जिससे यह खबर सार्वजनिक हो गई।

सायोनी घोष ने दी बधाई, लेकिन कपल ने साधी चुप्पी

टीएमसी की नेता और सांसद सायोनी घोष ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कपल को शादी की बधाई दी है। इससे इस खबर को और बल मिला। हालांकि, महुआ और पिनाकी दोनों ने फिलहाल इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

महुआ की दूसरी शादी, पहले भी रहा है विवादों से नाता

महुआ मोइत्रा की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से विवाह किया था, जो कुछ ही वर्षों में तलाक के साथ खत्म हो गया। इसके बाद वह सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता जय अनंत देहाद्रई के साथ करीब तीन साल तक रिलेशनशिप में रहीं।

दोनों के बीच रिश्ते का अंत काफी विवादों के साथ हुआ। महुआ ने जय पर धोखा देने, पर्सनल डेटा लीक करने और निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने के आरोप लगाए। वहीं, जय ने महुआ पर कुत्ता चोरी और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाते हुए सीबीआई केस में दबाव बनाने का भी दावा किया।

हेनरी नामक पालतू कुत्ते को लेकर छिड़ी थी कानूनी लड़ाई

महुआ और जय के बीच रॉटवीलर नस्ल के एक कुत्ते ‘हेनरी’ की कस्टडी को लेकर भी विवाद हुआ था। दोनों साथ में कुत्ते की परवरिश करते थे, लेकिन रिश्ते टूटने के बाद कस्टडी को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई। सितंबर 2023 में महुआ ने देहाद्रई पर केस दर्ज कर कुत्ते की कस्टडी मांगी थी, जबकि अक्टूबर में जय ने महुआ पर कुत्ते के अपहरण और सीबीआई केस में समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया।

पिनाकी मिश्रा: वरिष्ठ वकील और तीन बार के पूर्व सांसद

65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा की भी यह दूसरी शादी है। वह कांग्रेस के टिकट पर 1996 में पुरी से सांसद बने थे। इसके बाद 2009, 2014 और 2019 में बीजू जनता दल के टिकट पर पुरी से लोकसभा चुनाव जीते। हालांकि 2024 के चुनाव में भाजपा के संबित पात्रा से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

पिनाकी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील हैं और दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की है। सेंट स्टीफंस कॉलेज से उन्होंने स्नातक किया था। उनकी पहली शादी से एक बेटा और एक बेटी हैं।

महुआ: बैंकिंग से लेकर संसद तक का सफर

50 वर्षीय महुआ मोइत्रा का जन्म 12 अक्टूबर 1974 को असम में हुआ था। उन्होंने अमेरिका के मैसाचुसेट्स में माउंट होलोके कॉलेज से पढ़ाई की और न्यूयॉर्क व लंदन में निवेश बैंकिंग कंपनी जेपी मॉर्गन चेस में काम किया।

2010 में वह राजनीति में आईं और तृणमूल कांग्रेस से जुड़ीं। 2019 और 2024 में कृष्णानगर से सांसद बनीं। अपने पहले कार्यकाल में वह संसद में दिए गए तेजतर्रार भाषणों के कारण चर्चित रहीं।

संसद में घूसकांड और सदस्यता समाप्ति

2023 में महुआ पर आरोप लगे कि उन्होंने दर्शन हीरानंदानी से घूस लेकर संसद में अडानी समूह के खिलाफ सवाल पूछे। इस मामले की जांच में संसद की आचार समिति ने उन्हें दोषी पाया और दिसंबर 2023 में उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई। हालांकि 2024 के आम चुनाव में उन्होंने पुनः जीत दर्ज की और लोकसभा में वापसी की।

सोशल मीडिया पर हलचल, समर्थकों में खुशी

महुआ और पिनाकी मिश्रा की शादी की खबर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। समर्थक उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं कई राजनीतिक विश्लेषक इसे एक अप्रत्याशित गठजोड़ के रूप में देख रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor