बरेली में हैदरी दल से जुड़े मेडिकल और इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार, क्लीनिक था कट्टरपंथ का अड्डा
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में कट्टरपंथी संगठन हैदरी दल की गतिविधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार रात दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पढ़ाई के क्षेत्र से हुए जुड़े हैं। एक मेडिकल छात्र डॉ. जैश अहमद और दूसरा इंजीनियरिंग का छात्र शानू। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक संगठन की विचारधारा को न सिर्फ सोशल मीडिया के जरिए फैला रहे थे, बल्कि इसकी जमीनी रणनीति में भी शामिल थे।
क्लीनिक से कट्टरपंथ का संचालन
जैश अहमद, निवासी बारादरी, एक निजी होम्योपैथिक कॉलेज का छात्र है और घर के पास क्लीनिक भी चलाता है। जांच में सामने आया कि वह अपने क्लीनिक को हैदरी दल की बैठकों का अड्डा बनाए हुए था। वहीं से पूरे जिले के संगठन सदस्य जुटते थे और आगे की कार्ययोजनाएं बनाई जाती थीं। जैश संगठन को वित्तीय सहयोग भी देता था।
सोशल मीडिया पर जहरीली सामग्री
शानू, निवासी बहेड़ी, कंप्यूटर साइंस का छात्र है और एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ता है। पुलिस का कहना है कि हैदरी दल के नाम से इंस्टाग्राम पेज बनाकर वह लगातार आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा करता था। जांच में ये भी पता चला है कि वीडियो और फोटो सामग्री का इस्तेमाल कर समुदायों के बीच नफरत फैलाने का प्रयास किया जा रहा था।
पहले भी सामने आया था संगठन का नाम
हैदरी दल का नाम पहली बार चर्चा में तब आया जब 7 जून को गांधी उद्यान में बकरीद के दिन कुछ कट्टरपंथी युवकों ने समुदाय विशेष की युवतियों के साथ बैठे गैर समुदाय के लड़कों को घेर लिया। उनसे धर्म और नाम पूछते हुए वीडियो बनाया गया और उन्हें अपमानित किया गया। यह वीडियो 'सूफियान_08' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से वायरल हुआ।
इसके बाद शहबाज रजा उर्फ सूफियान और समीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं मुफ्ती खालिद (निवासी पूरनपुर) और रियाजुद्दीन (निवासी मझौआ, फरीदपुर) अभी भी फरार हैं। इनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस की सख्ती, जांच में और भी खुलासों की उम्मीद
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि गिरफ्तार युवकों से पूछताछ में संगठन की संरचना, फंडिंग और सोशल मीडिया नेटवर्किंग को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस इस पूरे मामले को रैडिकल नेटवर्क की कड़ी मान रही है और इसके फाइनेंसरों की भी जांच की जा रही है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।