पालीवाल पार्क में लापरवाही: आंधी में गिरे पेड़ से ट्रैक हफ्तों से बंद, घूमने वालों को हो रही परेशानी

आगरा के पालीवाल पार्क में उद्यान विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। करीब 25 दिन पहले आई आंधी में छोटे ट्रैक पर एक बड़ा पेड़ टूटकर गिर गया था, लेकिन इतने दिनों बाद भी उसे हटाया नहीं गया है। इससे सुबह-शाम घूमने और व्यायाम करने आने वाले लोगों को भारी असुविधा हो रही है।

Jun 11, 2025 - 12:58
 0
पालीवाल पार्क में लापरवाही: आंधी में गिरे पेड़ से ट्रैक हफ्तों से बंद, घूमने वालों को हो रही परेशानी
पालीवाल पार्क के एक ट्रैक पर टूटा पड़ा पेड़, जिसकी वजह से पार्क में घूमने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उद्यान विभाग की सुस्ती सवालों के घेरे में 

इस पार्क में नियमित आने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेंद्र बघेल ने इस मुद्दे को उठाया है। उनका कहना है कि पार्क में उद्यान विकास समिति के सदस्य के सी जैन एडवोकेट और डॉ. राय लहरी नियमित आते हैं, फिर भी पेड़ को हटाने की कोई पहल नहीं की गई। समिति के अध्यक्ष आगरा के मंडलायुक्त और उपाध्यक्ष जिलाधिकारी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्क में प्रवेश शुल्क लिया जाता है, फिर भी प्राकृतिक आपदा से गिरे पेड़ को हटाने में विभाग की सुस्ती सवालों के घेरे में है।

इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। कुछ समय पहले भी एक पेड़ गिरा था। हालांकि इस पेड़ को 3-4 दिन बाद आरी से काटकर वहीं डाल दिया गया था।  योग कुटी की ओर जाने वाला रास्ता भी पेड़ गिरने से कई दिन बाधित रहा था। पार्क आने वाले अन्य लोगों ने भी मांग की है कि संबंधित अधिकारी तुरंत संज्ञान लें और ट्रैक से पेड़ हटवाएं।

पालीवाल पार्क में अव्यवस्था और लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है। यहां के दोनों वॊशरूम या तो बंद रहते हैं या इतने गंदे रहते हैं कि उन्हें यूज करने के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता। इससे वॊकर्स, खासकर महिलाओं को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हाल फिलहाल में तो पार्क में से कचरा उठाना भी बंद हो गया है, जिसकी वजह से जगह-जगह गंदगी देखी जा सकती है।  

SP_Singh AURGURU Editor