प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण और 'मंजरी' पत्रिका का विमोचन
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा में सत्र 2025-26 के लिए नव-निर्वाचित छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह और त्रैमासिक पत्रिका 'मंजरी' का विमोचन गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का थीम थी- नेतृत्व, उत्तरदायित्व, अनुशासन, सृजनशीलता और समर्पण।
समारोह के मुख्य अतिथि एयरफोर्स अधिकारी सतीश कुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद व योग शिक्षिका श्रीमती शवेता गुप्ता रहीं। विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, निदेशिका श्रीमती सुनीता गुप्ता, प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव व मुख्य शैक्षणिक समन्वयिका रश्मि गांधी समेत बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और दीप प्रज्वलन से हुई। 'मंजरी' पत्रिका का विमोचन संपादिका डिंपी महेन्द्रु, डिजाइनर विमल कुमार, रश्मि गांधी और रूपाली शर्मा की उपस्थिति में हुआ। पत्रिका को छात्रों के सृजनात्मक कौशल का आईना बताया गया।
छात्र परिषद का गठन
मुख्य अतिथि और विद्यालय प्रबंधन ने छात्र परिषद के चुने गए सदस्यों को बैज और सैश प्रदान किए। प्रमुख पदाधिकारी रहे- पिया सिंह (छात्रा प्रमुख), जसनूर सिंह (छात्र प्रमुख), अर्शिया मखीजा (उप छात्रा प्रमुख), अर्पिता सिंह, अदिति शर्मा, हर्षित शर्मा सहित कुल 23 छात्र। सभी प्रतिनिधियों ने अपने सदनों का गौरव बढ़ाया और ध्वज व लोगो प्राप्त किए।
मेधावी छात्रों का सम्मान
विद्यालय के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। लक्ष्य सक्सेना व आध्या रंजन को नेशनल लेवल अचीवमेंट के लिए प्रथम स्थान, अविरल श्रीवास्तव व काव्या पाल को ब्रेन ओ ब्रेन अबैकस में स्वर्ण पदक मिला। विहानी धमीजा और सानवी मित्तल ने ऑल इंडिया जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में पदक जीते। मयंक त्रिवेदी को नीसा नेट में नेशनल द्वितीय स्थान और ₹25,000 का नकद पुरस्कार मिला।
मुख्य अतिथि ने छात्रों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और सही निर्णय क्षमता के महत्व पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। विशिष्ट अतिथि ने छात्रों को कर्त्तव्य निर्वहन के लिए दृढ़ संकल्प लेने का आह्वान किया।
अंत में रश्मि गांधी ने सभी अतिथियों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एसएस पब्लिक स्कूल के निदेशक शिखर भरत सिंह, सनफ्लावर स्कूल की निदेशिका शुभि दयाल, और प्रख्यात मनोवैज्ञानिक डॉ. चीनू अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।