आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र में दो मासूम बहनों से अश्लीलता, आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा
आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के एक गांव में खेत से भूसा लेकर लौट रहीं सात और आठ साल की दो मासूम बहनों के साथ एक शादीशुदा युवक ने अश्लील हरकतें कीं। आरोपी को ग्रामीणों ने मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें साइकिल से खेत से भूसा लेकर लौट रही थीं। रास्ते में साइकिल गिर जाने पर उन्होंने गांव के ही प्रमोद नाम के युवक से मदद मांगी। प्रमोद ने मदद के बहाने पहले बड़ी बच्ची और फिर छोटी बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। वह छोटी बच्ची को खींचकर पास की झाड़ियों में ले गया।
बड़ी बहन ने शोर मचाया तो खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। खुद को घिरा देख आरोपी भागने लगा लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। बच्चियों की मां ने खेरागढ़ थाने में आरोपी प्रमोद के खिलाफ तहरीर दी है।