पृथ्वी दिवस के मौके पर आगरा कॉलेज में पर्यावरणीय संकट पर परिचर्चा, वृक्ष भी रोपे गये
आगरा। पृथ्वी दिवस के अवसर पर आज आगरा कॉलेज में पर्यावरण संवर्द्धन एवं संरक्षण समिति द्वारा "पृथ्वी के समसामयिक मुद्दों" पर एक सारगर्भित परिचर्चा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर फुपुक्टा के अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र सिंह चौहान और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने पर्यावरणीय संकटों पर प्रकाश डालते हुए वृक्षों की घटती संख्या को धरती के लिए गंभीर खतरा बताया।
डॉ. चौहान ने कहा कि हम जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए कृत्रिम तरीकों की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन यही समाधान अक्सर पर्यावरणीय असंतुलन को और बढ़ाते हैं। अन्य जीव-जंतु इन विकल्पों से वंचित हैं और उनके लिए एकमात्र आशा वृक्षारोपण है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
परिचर्चा में यह मुद्दा भी उठा कि कॉलेज परिसर में गंगाजल आपूर्ति बाधित होने से वृक्षों का संरक्षण प्रभावित हो रहा है। इस पर प्राचार्य डॉ. गौतम ने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन से समन्वय कर शीघ्र ही जल आपूर्ति की समस्या का समाधान किया जाएगा।
परिचर्चा के बाद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समिति के सदस्यों, शिक्षकों और अतिथियों ने कॉलेज परिसर में पौधे लगाए। सभी उपस्थित लोगों ने पृथ्वी की रक्षा के लिए सकारात्मक व ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. पी. वी. झा, डॉ. ए. के. सिंह, डॉ. दीपक उपाध्याय, डॉ. भगवत स्वरूप यादव, डॉ. भूपाल सिंह, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. दिग्विजय पाल सिंह और डॉ. धर्मवीर सिंह सहित कई शिक्षकगण उपस्थित रहे।