ऒपरेशन सिंदूर के बारे में सोचते ही पाकिस्तान को अपनी शिकस्त याद आएगी- मोदी  

कटरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर की धरती से पाकिस्तान को दो टूक कहा- पाकिस्तान जब-जब ऒपरेशन सिंदूर के बारे में सोचेगा, उसे अपनी शिकस्त याद आएगी। उसे आतंकियों की मौतें और इमारतों के खंडहर याद आएंगे। भारत अब इंतज़ार नहीं करता, कार्रवाई करता है। पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर में 46 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

Jun 6, 2025 - 15:36
 0
ऒपरेशन सिंदूर के बारे में सोचते ही पाकिस्तान को अपनी शिकस्त याद आएगी- मोदी   

-पहलगाम में आतंकवादी हमला करने के पीछे पाकिस्तान का इरादा भारत में दंगे कराने का था

कश्मीर का नौजवान अब पाकिस्तान के खिलाफ खड़ा हुआ

मोदी ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा पहलगाम में कराया गया आतंकवादी हमले के पीछे उसका इरादा भारत में दंगे कराने का था। हमला, पाकिस्तान की ओर से कश्मीरियत और इंसानियत के खिलाफ युद्ध था। घोड़ा चलाने वाले, गाइड, होटल चलाने वाले, हर गरीब की रोटी पर हमला था। लेकिन अब कश्मीर का नौजवान आतंक को जवाब देने का मन बना चुका है।

राज्य के लोग अब पाकिस्तान के खिलाफ उठ खड़े हुए हैं। यहां की अवाम ने जो ताकत दिखाई है, उससे दुनिया को कड़ा संदेश दिया है। यहां का नौजवान आतंक को मुंहतोड़ जवाब देने का मन बना चुका है।

पाकिस्तान ने बच्चों, अस्पतालों, धर्मस्थलों पर गोले बरसाए

पीएम ने कहा, जम्मू-पुंछ में पाक ने बच्चों पर गोले बरसाए, अस्पताल-मंदिर-मस्जिद तक नहीं छोड़ा। लेकिन केंद्र सरकार हर परिवार के साथ खड़ी है। मौत के शिकार परिवारों को नौकरी दी जा चुकी है। हमारे द्वारा बनाए गये दस हजार बंकरों ने लोगों की रक्षा की। क्षतिग्रस्त घरों के निर्माण के पहले मदद दी जा चुकी है। अब केंद्र सरकार अतिरिक्त मदद देने जा रही है।

चिनाब और अंजी ब्रिज भारत की बुलंदी का प्रतीक

पीएम मोदी ने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज और भारत के पहले केबल-सपोर्टेड अंजी ब्रिज का लोकार्पण किया। बोले, ये सिर्फ पुल नहीं, पीर पंजाल की पहाड़ियों में भारत के सामर्थ्य का प्रतीक हैं। अब लोग एफिल टावर की तरह चिनाब ब्रिज देखने आएंगे। ये पुल भी टूरिज्म डेस्टिनेशन बनेंगे।

रेल कनेक्टिविटी से कश्मीर को मिली रफ्तार

पीएम ने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर की तमाम पीढ़ियां रेल कनेक्टिविटी के इंतजार में गुजर गईं। जो सपना दशकों से अधूरा था, उसे हमने पूरा किया। कोविड जैसी वैश्विक आपदा भी नहीं रोक पाई। अब जम्मू से श्रीनगर तक सफर पांच-छह घंटे से घटकर 3 घंटे में तय होगा।

भारत में बना सामान खरीदें, यही राष्ट्रभक्ति और यही सच्ची राष्ट्र सेवा

मोदी ने कहा, जो हथियार हमने बनाए, वही पाक को दर्द दे गए। हमारे बनाये हथियारों की दुनिया भर में चर्चा है। उन्होंने कहा कि अब हमें डिफेंस एक्सपोर्टर  के रूप में टॊप के देशों में जगह बनानी है। उन्होंने लोगों से कहा कि जब भी बाजार में जाएं, भारत में बना सामान ही खरीदें। नागरिक के रूप में उनकी यही सबसे बड़ी राष्ट्रभक्ति होगी और सच्ची राष्ट्रसेवा होगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के युवाओं को मैन्युफैक्चरिंग और डिफेंस मिशन से जुड़ने का आह्वान किया।

गरीब कल्याण और विकास के आंकड़े पेश किए

प्रधानमंत्री ने बताया कि 11 साल में गरीबों को मकान, गैस, राशन, इलाज, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मिली हैं। 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर आकर नए मध्यम वर्ग का हिस्सा बन रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर मां भारती का मुकुट

पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर मां भारती का मुकुट है। यहां की पुरातन संस्कृति, संस्कार, आध्यात्मिक चेतना, प्रकृति का सौंदर्य, जड़ी बूटियों का संसार, युवाओं का टेलैंट मां भारती के मुकुट मणि की तरह चमकते हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास में वे पूरे समर्पण से लगे हैं। राज्य में सात मेडिकल कॉलेज खुले, आईआईटी, आईआईएम, एम्स और नीट जैसे संस्थान अब राज्य का हिस्सा हैं।

जम्मू-कश्मीर अब अवसरों का केंद्र, युवाओं के सपनों को नहीं रुकने दूंगा

पीएम मोदी ने कहा कि अब जम्मू-कश्मीर के युवा शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल और स्टार्टअप से खुश हैं। उनके सपनों को रोकने की कोशिश की गई तो सबसे पहले मोदी सामने खड़ा मिलेगा। अमरनाथ यात्रा, टूरिज्म और कारोबार में अब कोई रुकावट नहीं आने दी जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor