पिनाहट में चंबल नदी पर पौंटून पुल हटाया गया, यात्रियों के लिए पीडब्ल्यूडी का फ्री स्टीमर शुरू

पिनाहट (आगरा)। चंबल नदी पर बनी अस्थायी पौंटून पुल की अवधि समाप्त होने पर इसे हटा लिया गया है। इसी के साथ पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए स्टीमर सेवा शुरू कर दी गई है। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और चार महीने तक, यानी बारिश के इस पूरे सीजन में जारी रहेगी।

Jun 18, 2025 - 20:01
 0
पिनाहट में चंबल नदी पर पौंटून पुल हटाया गया, यात्रियों के लिए पीडब्ल्यूडी का फ्री स्टीमर शुरू
पिनाहट में चंबल नदी घाट से पौंटून ब्रिज हटाये जाने के बाद स्टीमर से नदी पार जाते लोग। दूसरे चित्र में पौंटून ब्रिज हटाते लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी।

-चार माह तक चलेगा स्ट्रीम बोट संचालन, दोपहिया-चारपहिया वाहनों पर रोक

हर वर्ष की तरह इस बार भी मानसून के आगमन से पहले पौंटून पुल को हटाया गया है, क्योंकि वर्षा काल में चंबल नदी में जलस्तर काफी बढ़ जाता है, जिससे अस्थायी पुल के डूबने और क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता है।

यात्रियों को अब नदी पार करने के लिए पीडब्ल्यूडी के मोटरबोट (स्टीमर) की सेवा का उपयोग करना होगा। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। यानी अब सिर्फ पैदल यात्री ही स्टीमर के माध्यम से आवाजाही कर सकेंगे।

स्ट्रीमबोट सेवा घाट से घाट तक दिनभर चलेगी, ताकि आसपास के ग्रामीणों और यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो। इस सेवा की निगरानी लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से की जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के इस इंतजाम की सराहना की है, लेकिन साथ ही यह भी मांग रखी कि स्थायी पुल का निर्माण हो, जिससे हर वर्ष की यह अस्थायी व्यवस्था खत्म हो सके।

SP_Singh AURGURU Editor