रोटरी क्लब आगरा ने अल्लेप्पी में दिखाया सेवा का भाव, ‘सेवा से ऊपर कुछ नहीं’ को किया साकार
आगरा/अल्लेप्पी। रोटरी क्लब आगरा के 9 दिवसीय केरल फेलोशिप दौरे का आज अल्लेप्पी में उल्लासपूर्ण और सेवा-प्रधान पड़ाव रहा। क्लब के सदस्यों ने रोटरी भावना के अनुरूप कई जनहितकारी और सौहार्दपूर्ण गतिविधियों में भाग लिया, जिनका उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में ठोस योगदान देना था।
ध्वज विनिमय समारोह से शुरुआत
दिन की शुरुआत एक गरिमामयी ध्वज विनिमय समारोह से हुई, जहां रोटरी क्लब ऑफ आगरा की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पनिक्कर और रोटरी क्लब ऑफ अल्लेप्पी ईस्ट के अध्यक्ष डॉ. अजी सरासन ने परस्पर प्रतीकात्मक ध्वज भेंट कर मित्रता और रोटरी एकता को बल प्रदान किया।
सेवा को समर्पित सहयोग राशि भेंट
समारोह के अगले चरण में, रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने अल्लेप्पी ईस्ट क्लब को उनके सामुदायिक सेवा प्रोजेक्ट्स के लिए 21,000 रुपये का सहायता चेक प्रदान किया। यह राशि स्थानीय स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसी परियोजनाओं के लिए उपयोग की जाएगी।
बच्चों के लिए सेफ और अनसेफ टच पर कार्यशाला
सेवा दिवस के तीसरे पड़ाव में क्लब ने टाइनी टॉट्स जूनियर स्कूल में एक जागरूकता सत्र आयोजित किया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पनिक्कर ने बच्चों को बेहद सरल और प्रभावशाली तरीके से सेफ और अनसेफ टच की अवधारणा से परिचित कराया, जिससे उनमें आत्म-सुरक्षा और साहस का भाव विकसित हो।
वरिष्ठ सदस्यों की रही मौजूदगी
इस पूरे कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ और प्रेरणास्रोत सदस्यों की सक्रिय भूमिका देखने को मिली। उपस्थित वरिष्ठ सदस्यों में दानदाता रोटेरियन उमेश गुप्ता, सचिव रोटेरियन आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोटेरियन सीए उदित बंसल, रोटेरियन सुनील कपूर, जितेंद्र जैन, तुलिका बंसल, शालिनी अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, राज मित्तल, बिपिन बाबू अग्रवाल, डॉ. आलोक मित्तल, और मनोज आर. कुमार आदि प्रमुख थे।