सपाइयों का कलक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, डीएम कार्यालय घेरा

आगरा। सपा राज्यसभा सांसद रामज़ी लाल सुमन पर हमलों के विरोध में आज सपाइयों ने कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय को घेरकर जमकर नारेबाज़ी की। सपाइयों के प्रदर्शन के चलते कलक्ट्रेट के बाहर एमजी रोड पर जाम लग गया।

May 1, 2025 - 15:09
 0
सपाइयों का कलक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, डीएम कार्यालय घेरा

बड़ी संख्या में सपाइयों के जुटने से एमजी रोड पर लगा जाम 

सपा के राज्यसभा सांसद रामज़ी लाल सुमन पर लगातार हो रहे हमलों से आहत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज जोरदार धरना प्रदर्शन कर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन डीएम के माध्यम से सौंपा। जिसमें सांसद पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन के माध्यम से न सिर्फ सांसद रामज़ी लाल सुमन की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई, बल्कि पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।

सपाइयों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जेल भरो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन के लिए सपा के कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों से जुलूस के रूप में पहुंचे। 

बड़ी संख्या में सपाइयों के पहुंचने से कलक्ट्रेट परिसर और बाहर जाम के हालात पैदा हो गए। बड़ी संख्या मौजूद पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को साइड में कर वाहनों को निकलवाया। सपाई सरकार के ख़िलाफ़ काफ़ी आक्रोशित दिखे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व नगर अध्यक्ष वाजिद निसार और जिला अध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा कर रहे थे।