सरकारी अस्पताल में रिश्वत के 500 में बिक रही सेवाएं, अल्ट्रासाउंड के लिए महिला से वसूले पैसे, वीडियो वायरल

आगरा। स्थानीय जिला महिला अस्पताल (लेडी लायल) में भ्रष्टाचार की एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। भरतपुर (राजस्थान) से अपनी पत्नी उषा का अल्ट्रासाउंड कराने आए प्रदीप ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जैसी निःशुल्क सेवा के लिए 500 रुपये रिश्वत लेकर जांच की गई। यही नहीं, विरोध करने पर महिला मरीज के कागजात फेंक दिए गए और अभद्रता की गई।

May 8, 2025 - 21:35
 0
सरकारी अस्पताल में रिश्वत के 500 में बिक रही सेवाएं, अल्ट्रासाउंड के लिए महिला से वसूले पैसे, वीडियो वायरल

शिकायतकर्ता प्रदीप ने दावा किया कि उसने अस्पताल प्रशासन से शिकायत की है और इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शिकायतकर्ता प्रदीप की बहन पूरी घटना के बारे में बता रही है। यह वीडियो प्रदीप की बहन ने रिकॉर्ड किया, जो आगरा के शास्त्रीपुरम क्षेत्र की निवासी है।

फ्री सेवा बताने पर कागज फेंक दिए

प्रदीप ने बताया कि जब उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड निशुल्क होता है, तो कर्मचारी ने सहयोग करने की बजाय बदसलूकी शुरू कर दी। मजबूरी में 500 रुपये देने के बाद ही अल्ट्रासाउंड किया गया। अब तक अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।