सिल्ट से पटा ड्रेन बना किसानों की तबाही का कारण, सिंचाई विभाग को सौंपा ज्ञापन
आगरा। सैकड़ों किसानों की उपजाऊ भूमि जलभराव से हर साल बंजर होती जा रही है। कारण है वेस्टर्न रिजर्व डिप्रेशन ड्रेन (नाला) की वर्षों से न हुई सिल्ट सफाई। इस गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को किसान नेता मोहन सिंह चाहर के नेतृत्व में किसानों ने प्रतापपुरा स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन कर अधिशाषी अभियंता सिंचाई करणपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा।
-गड़ीमां डिप्रेशन ड्रेन की सफाई को लेकर भड़के किसान, बोले- सैकड़ों बीघा जमीन जलभराव से बंजर
ड्रेन अवरुद्ध, खेत जलमग्न, किसान परेशान
किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने बताया कि सांतुरक से अछनेरा के गढ़ीमां और भड़ीरी समेत दर्जनों गांवों से होकर गुजरने वाला यह ड्रेन मिट्टी की सिल्ट और जलकुंभी से पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका है। इससे वर्षा के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती और ओवरफ्लो होकर खेतों में भर जाता है। नतीजा, किसान फसल नहीं उगा पाते और उनकी सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन बंजर रह जाती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में किसान आंदोलन को मजबूर होंगे।
सिंचाई विभाग का आश्वासन, जल्द शुरू होगी सफाई
अधिशाषी अभियंता करणपाल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि वेस्टर्न रिजर्व डिप्रेशन ड्रेन की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से सुखवीर प्रधान, ब्रजमोहन सिंह, राजीव देशवाल, केशवदेव शर्मा, संजू सिंह, देवेंद्र लोधी, महावीर सिंह पर्व प्रधान, लवकेश सोलंकी, मांगे, धनसिंह लोधी, ओमप्रकाश, जय सिंह आदि किसान शामिल रहे।