आगरा के नगला रामी में एक ही परिवार की छह लड़कियों की यमुना में डूबने से मौत
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के रामी नगला गांव में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यमुना नदी में नहाने उतरीं एक ही परिवार की छह किशोरियां डूबकर काल के गाल में समा गईं। इस ह्रदय विदारक घटना से गांव में मातम छा गया है, और पीड़ित परिवार पर तो जैसे पहाड़ टूट पड़ा है।
-पूरे गांव में मातम, 10 से 18 वर्ष उम्र की लड़कियां आपस में चचेरी बहनें थीं, यमुना में नहाने उतरी थीं, लेकिन लाश के रूप में खामोश लौटीं
नदी में नहाने गई थीं, गहराई का अंदाज़ा नहीं था
मृत लड़कियां एक ही परिवार के भाइयों की बेटियां हैं जो आपस में चचेरी बहनें थी। जिन लड़कियों की डूबने से मौत हुई है, उनके नाम दिव्या, मुस्कान, नैना, संध्या, सोनम, सुहानी हैं। ये सभी ग्राम पंचायत रामी नगला के मजरा नगला नाथू की हैं। बताया गया है कि उक्त छह लड़कियों समेत कुल आठ लड़कियां यमुना किनारे गई हुई थीं। ये सभी छह लड़कियां यमुना में नहाने उतर गईं, लेकिन वे पानी की गहराई का अंदाज़ा नहीं लगा सकीं। देखते ही देखते सभी लड़कियां गहरे पानी में चली गईं।
सभी छह लड़कियों के शव ही यमुना से बाहर आए
इन लड़कियों के साथ आई दो अन्य लड़कियों ने इन लड़कियों को डूबते देखा तो शोर मचाया। इस पर बहुत सारे लोग एकत्रित हो गये, लेकिन कोई लड़कियों को बचा नहीं पाया। गांव के तमाम लोग जो तैरना जानते थे, नदी में कूद पड़े, लेकिन सभी लड़कियां गहरे पानी में डूब चुकी थीं। बाद में पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाया और कुछ ही देर की मशक्कत के बाद सभी छह शव नदी से बाहर निकाल लिए। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों की आंखें शव देखकर फटी की फटी रह गईं। मृतक बालिकाओं की आयु 10 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
गांव में पसरा सन्नाटा, हर आंख नम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस हादसे के बाद सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि पूरा गांव शोक की चपेट में है। हर गली, हर कोना खामोश है, जैसे कोई कह रहा हो कि बेटियाँ अब नहीं लौटेंगी।