शाहजहांपुर में कार और मोटरसाइकिल की भीषण भिड़ंत में छह मरे
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में विपरीत दिशा से आ रही कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने से हुई टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि थाना मदनापुर के अंतर्गत बरेली-इटावा मार्ग पर काविलपुर गांव के पास आमने-सामने से कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई, जिसके चलते कार रोड के किनारे खाई में गिर गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में कार में सवार सुधीर (40) तथा सोनू (18) की की मौके पर ही मौत हो गई। यह दोनों कार में बुरी तरह दब गए थे जिन्हें बमुश्किल पुलिस ने कार से बाहर निकाला। वहीं बाइक पर सवार रवि (20) आकाश (20) दिनेश (19) तथा अभिषेक (19) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
द्विवेदी ने बताया कि बाइक सवार चारों युवकों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि बाइक सवार चारों युवक तिलहर कस्बे के रहने वाले थे और वे मदनापुर क्षेत्र के गांव में दावत खाने गए थे। कार सवार बरेली निवासी मदनापुर क्षेत्र के ही गिरधरपुर गांव में एक बरात में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार और बाइक में टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर रोड पर गिर गए। वहीं बाइक की टंकी फट जाने से उसमें आग लग गई, जिसके चलते बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि इस हादसे में किसी व्यक्ति की जलने से मौत नहीं हुई है।
द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने ट्रैफिक पुलिस तथा सभी थानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि बाइक पर दो लोग से ज्यादा लोग नहीं होने चाहिए। दोनों लोगों के पास हेलमेट अनिवार्य होगा। इस आदेश का सख्ती से पालन पूरे जिले में किया जाएगा।