विधि छात्रों के लिए आगरा में शुरू होगा समर इंटर्नशिप प्रोग्राम
आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा तथा लीगल एड क्लीनिक, विधि संकाय, आगरा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में जून माह में विधि छात्रों के लिए ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
-2 जून से आगरा कॉलेज में प्रशिक्षण की होगी शुरुआत, न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी लेंगे सत्र
इस इंटर्नशिप में आगरा जोन के क्लस्टर जनपदों के विधि छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन 2 जून 2025 को आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा।
विभिन्न कानूनी विषयों पर मिलेगा सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी ने बताया कि इस इंटर्नशिप में श्रम कानून, घरेलू हिंसा, त्वरित विचारण, पारिवारिक विधि, किशोर न्याय आदि विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इन विषयों पर छात्रों को न केवल भौतिक कक्षाओं के माध्यम से शिक्षा दी जाएगी, बल्कि उन्हें न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त होगा। यह कार्यक्रम छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर होगा जहां वे कानून की पढ़ाई को ग्राउंड रियलिटी से जोड़ सकेंगे।