दबंगों ने युवक के सिर पर शराब की बोतल दे मारी 

पिनाहट। कस्बा पिनाहट के मोहल्ला ताल की पार में घर के अंदर घुसकर एक युवक के सिर पर शराब की बोतल से प्रहार किया गया, जिससे उसका सिर फट गया।  बचाने आए भाई के साथ भी मारपीट की गई। 

Nov 18, 2024 - 21:26
 0
दबंगों ने युवक के सिर पर शराब की बोतल दे मारी 
बसई अरेला पुलिस द्वारा रिवाल्वर के साथ पकड़ा गया युवक बाएं।

अर्जुन कुमार पुत्र विनोद कुमार के मुताबिक रविवार के दिन वह अपने घर पर बैठा हुआ था, तभी रामकुमार, अखिलेश, पंकज, विष्णु उसके घर पर आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर घर में सामान और मोटरसाइकिल तोड़ दी। लोहे के सरिया से मारपीट की गई। पास में पड़ी शराब की बोतल को सिर में मार दिया, जिससे पीड़ित युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

बचाने आए भाई विजय के साथ भी उक्त लोगों द्वारा मारपीट की गई, जिसमें वह भी घायल हो गया। 
पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मेडिकल कराकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

बैंक में विधवा से अभद्रता का आरोप

पिनाहट। केनरा बैंक की स्थानीय शाखा में एक विधवा के साथ बैंक में कर्मचारियों ने हद दर्जे की अभद्रता की। उससे धक्का-मुक्की भी की गई। बेटे का मोबाइल छीन लेने का आरोप भी महिला ने पिनाहट पुलिस को दी तहरीर में लगाया है। 

थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव दौलतपुरा निवासी विधवा मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय धनीराम द्वारा थाने में दी गई तहरीर में कहा कि है कि उसकी विधवा पेंशन केनरा बैंक के खाते में आती है। कई दिनों से विधवा पेंशन की जानकारी करने के लिए लगातार बैंक के चक्कर काट रही थी, मगर बैंक कर्मचारियों द्वारा उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा था।

बीते 13 अक्टूबर को वह अपने पुत्र हरेंद्र को लेकर केनरा बैंक में गई थी। विधवा पेंशन को लेकर बात की तो बैंक कर्मचारियों ने बौखलाकर उसके और  उसके पुत्र से गाली गलौज शुरू कर दी।  शोर सुनकर बैंक मैनेजर बाहर आए लेकिन उन्होंने भी कोई सुनवाई नहीं की।  उसके पुत्र का मोबाइल छीन लिया गया, जिसके कवर में 2000 हजार रुपए भी रखे थे। पुलिस द्वारा भी कोई कार्यवाही न किए जाने पर विधवा महिला ने कहा है कि वह उच्च अधिकारियों से मिलेगी। 

अवैध रिवाल्वर के साथ युवक पकड़ा

पिनाहट। थाना बसई अरेला पुलिस ने एक युवक को अवैध रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार किया है। 

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने इस बाइक सवार युवक को अवैध रिवाल्वर के साथ पकड़ा। पिनाहट क्षेत्र में महिला के गले की चेन लूट की घटना के बाद पुलिस सक्रिय हुई है और चेकिंग अभियान चला रही है। थाना प्रभारी बसई अरेला अभिषेक तिवारी ने बताया कि पुलिस चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अभियुक्त को अवैध रिवाल्वर के साथ अरनौटा पुल के पास से पकड़ा। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पकड़ा गया युवक गुर्जा घाट का आकाश उर्फ फौजी पुत्र मान सिंह है। 

SP_Singh AURGURU Editor