जेल में अतीक के बेटे तक पहुंचाया जा रहा कैश लखनऊ में लाइव देखा जा रहा था, डिप्टी जेलर और वार्डन सस्पेंड

प्रयागराज। नैनी सेंट्रल जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। जेल परिसर में एक वकील ने जेल वार्डन संजय द्विवेदी को रुपये दिए, जिसे वार्डन ने वकील के सामने ही गिनकर अली को सौंप दिया। यह पूरा घटनाक्रम हाई सिक्योरिटी सेल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसकी निगरानी लखनऊ स्थित मुख्यालय में हो रही थी। जैसे ही यह फुटेज वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा, जेल महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद डिप्टी जेलर और एक वार्डन को सस्पेंड कर दिया गया है।

Jun 19, 2025 - 13:26
 0
जेल में अतीक के बेटे तक पहुंचाया जा रहा कैश लखनऊ में लाइव देखा जा रहा था, डिप्टी जेलर और वार्डन सस्पेंड

-डीजी जेल के आदेश पर प्रयागराज के डीईजी जेल ने नैनी जेल में अली अहमद की सेल में छापा मारा, कैश बरामद

-वकील से मिले कैश को अली तक पहुंचा रहा था वार्डन, डिप्टी जेलर पर रिटायरमेंट से चंद दिन पहले लग गया दाग

डीआईजी पहुंचे जेल, अली की सेल से मिला कैश

घटना के बाद महानिदेशक कारागार के निर्देश पर प्रयागराज डीआईजी जेल राजेश श्रीवास्तव नैनी सेंट्रल जेल पहुंचे। उन्होंने जब अली अहमद की सेल की तलाशी ली, तो वहां नकद राशि बरामद हुई, जो कि जेल नियमों के पूरी तरह खिलाफ है।
तत्काल जांच के बाद अली की निगरानी में तैनात डिप्टी जेलर शांति देवी और जेल वार्डन संजय द्विवेदी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

रिटायरमेंट से पहले डिप्टी जेलर पर गिरी गाज

डिप्टी जेलर शांति देवी पर यह कार्रवाई उस समय हुई, जब वह केवल 10 दिन बाद रिटायर होने वाली थीं। 30 जून को उनका सेवानिवृत्त होना तय है। जेल विभाग में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

अतीक का बेटा अली, उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी

गौरतलब है कि अली अहमद को जुलाई 2022 में नैनी सेंट्रल जेल में बंद किया गया था। वह प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी है। पुलिस ने हाल ही में अली को अतीक अहमद के गैंग IS-227 का लीडर भी घोषित किया है। अब जेल में मिली यह ढील और लेन-देन ने सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रशासन की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor