2027 में बीजेपी का नामोनिशान नहीं बचेगा- अखिलेश यादव बोले- झूठ, महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैला रही है, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ा रही है, और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से ऐसे हटेगी कि उसका कोई अता-पता नहीं चलेगा।
भाजपा फैला रही नफरत, रोक रही कारोबार
सपा मुख्यालय में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की बैठक के बाद प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा स्वतंत्र संस्थाओं को अपने नियंत्रण में लेने की साजिश कर रही है। महंगाई चरम पर है। सोने के दाम एक लाख रुपए से पार हो चुके हैं। उन्होंने सवाल किया कि गरीब आदमी अपनी बेटी की शादी कैसे करेगा?
कुंभ हादसे पर सरकार झूठ बोल रही
अखिलेश यादव ने प्रयागराज कुंभ हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार मृतकों की संख्या छिपा रही है। सरकार ने केवल 37 मौतें दिखाईं जबकि सच्चाई इससे कहीं अधिक है। उन्होंने पूछा कि जब भगदड़ में कोई मरा ही नहीं, तो मृतकों के घर पैसे क्यों बांटे गए? और जिनके घर नहीं पहुंचे, उनका पैसा कहां गया?
जातीय जनगणना और वोटर लिस्ट पर भी उठाए सवाल
अखिलेश ने कहा कि जो सरकार महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजन में भी झूठ बोल सकती है, उस पर जातीय जनगणना या वोटर लिस्ट में भरोसा नहीं किया जा सकता। भाजपा आंकड़ों में गड़बड़ी कर रही है, जनता को सतर्क रहना होगा।
बिजली और स्वास्थ्य विभाग की दुर्दशा का आरोप
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बिजली विभाग को बर्बाद कर दिया है। कोई नया पावर प्लांट नहीं लगाया गया और अब ग्रामीण व शहरी उपभोक्ताओं पर बिल का बोझ बढ़ाया जा रहा है। स्वास्थ्य व्यवस्था भी चरमराई हुई है। मेडिकल कॉलेजों में आधारभूत ढांचा, डॉक्टर व स्टाफ की भारी कमी है। छात्रों की आवाज बंद रखने के लिए फेल न करने का आदेश तक जारी किया गया है।
पीडीए के साथ अन्याय, विपक्षियों पर झूठे मुकदमे
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए को नियमानुसार आरक्षण नहीं दे रही और समाजवादी नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। प्रयागराज में पाल समाज की बेटी को न्याय नहीं मिला, दोनों उपमुख्यमंत्री जातीय तनाव भड़का रहे हैं।
युद्ध के विरोध में, फंसे नागरिकों को लाने की मांग
एक सवाल पर अखिलेश ने कहा कि वे किसी भी युद्ध के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जो भी भारतीय नागरिक युद्धग्रस्त देशों में फंसे हैं, उन्हें तत्काल वापस लाया जाए।
गली-गली जाकर वोटर लिस्ट दुरुस्त करेंगे
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी अल्पसंख्यक सभा पार्टी का महत्वपूर्ण संगठन है। सभी पदाधिकारी गांव-गली में जाकर वोटर लिस्ट ठीक करने, छूटे वोट बनवाने और फर्जी वोटों पर आपत्ति दाखिल करने का अभियान चलाएंगे।