विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि, पंजाबी सभा ने दिहाड़ी मजदूरों के बीच की छबील सेवा

आगरा। गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया विमान हादसे में मृत यात्रियों और चिकित्सकों की आत्मा की शांति के लिए पंजाबी सभा महानगर आगरा द्वारा अनोखी श्रद्धांजलि दी गई। सभा की सिकंदरा इकाई ने पश्चिमपुरी स्थित परी चौक पर सुबह 7 से 9 बजे तक छबील सेवा का आयोजन किया, जिसमें दिहाड़ी मजदूरों को मट्ठा वितरित किया गया।

Jun 15, 2025 - 18:24
 0
विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि, पंजाबी सभा ने दिहाड़ी मजदूरों के बीच की छबील सेवा
दिहाड़ी मजदूरों के लिए छबील सेवा करते पंजाबी सभा के सदस्य।  

सभा के अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने सुबह 6:30 बजे एकत्र होकर ड्रमों को साफ किया, फिर नमक, जीरा, पुदीना आदि मसालों से मट्ठा तैयार कर अपने हाथों से कागज के गिलासों में भरकर मजदूरों को पिलाया।

सभा के मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल ने कहा कि दिहाड़ी मजदूर 45 डिग्री तापमान में खून-पसीना बहाकर देश के विकास में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में उनके बीच जाकर सेवा करना और विमान हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए यह छोटा प्रयास, हमारी संवेदनाओं का प्रतीक है।

इस सेवा कार्यक्रम में इकाई अध्यक्ष विश्वनाथ जुनेजा, परेश निझावन, संजीव कपूर, राजसेठ कपूर, राहुल बाघला, राजेश वोहरा, महेंद्र चावला, अमित कौरा, वरुण ग्रोवर, मधु शर्मा, जीतू डुमरा, सौरभ कालरा, कपिल तनेजा, अंकित मल्होत्रा समेत अनेक सदस्य शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor