आगरा के बाईंपुर में दो दिन, दो मौतें: पति-पत्नी की आत्महत्या से पूरे गांव में मातम

आगरा। सिकंदरा क्षेत्र के बाईंपुर गांव में मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा दुखद मोड़ ले लिया कि एक के बाद एक दो जिंदगियां खत्म हो गईं। शनिवार शाम को पत्नी ने आत्महत्या की और रविवार सुबह पति ने भी वही रास्ता चुन लिया। इस दोहरे आत्मघाती हादसे से गांव और आसपास का माहौल गहरे शोक में डूब गया है।

Jun 15, 2025 - 19:10
 0
आगरा के बाईंपुर में दो दिन, दो मौतें: पति-पत्नी की आत्महत्या से पूरे गांव में मातम
रेलवे ट्रैक के पास जांच करती पुलिस टीम और मौके पर मौजूद स्थानीय लोग।

घरेलू विवाद बना मौत की वजह

जानकारी के अनुसार, बाईंपुर निवासी महेश यादव (55) बिल्डिंग मटेरियल का काम करते थे। परिवार में पत्नी सावित्री देवी (50) और तीन बेटे हैं। शनिवार को किसी घरेलू बात पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद सावित्री देवी गुस्से में घर से निकल गईं और पदम प्राइड कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।

दूसरे दिन पति ने भी दी जान

जब देर रात तक सावित्री घर नहीं लौटीं और बाद में मौत की सूचना मिली, तो पति महेश यादव गहरे सदमे में चले गए। रविवार सुबह करीब 10 बजे महेश यादव ने सिकंदरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
स्थानीय लोगों के मुताबिक महेश पत्नी की मौत से अंदर तक टूट गए थे। वो पूरी रात कुछ नहीं बोले, बस गुमसुम बैठे रहे। माना जा रहा है कि पत्नी की मौत के सदमे में आकर उन्होंने यह कदम उठाया।

पुलिस कर रही जांच, परिवार सदमे में

सिकंदरा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के अनुसार, यह परिवार आमतौर पर शांतिपूर्ण जीवन जीता था, इसलिए यह हादसा सभी को चौंकाने वाला है।

SP_Singh AURGURU Editor